शिक्षक एमएलसी चुनाव: निर्धारित पेन से ही करना होगा मतदान, मतगणना के लिए कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण

गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। रिटर्निंग ऑफिसर एवं मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को आयुक्त सभागार में प्रत्याशियों के साथ बैठक कर मतदान और मतगणना के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए।
मंडलायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित पेन से ही मतदान करना होगा। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल से मतपत्र अवैध घोषित कर दिया जाएगा। साथ ही मतपत्र पर वरीयता केवल अंकों (1, 2, 3) में ही लिखनी होगी। शब्दों में वरीयता लिखने या कोई अतिरिक्त निशान बनाने पर भी वोट रद्द हो जाएगा। उन्होंने प्रत्याशियों से अपील की कि वे अपने मतदाताओं को सही प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें ताकि किसी का वोट बेकार न जाए। मंडलायुक्त ने बताया कि मतगणना वाले दिन स्ट्रांग रूम सुबह 7:30 बजे खुलेगा और ठीक 8 बजे से गिनती शुरू होगी। मतदान और मतगणना केंद्रों पर मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और किसी भी तरह के मादक पदार्थ ले जाने पर पूरी तरह से रोक रहेगी।
कार्मिकों को वोटों की गिनती की बताई बारीकी
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने एनेक्सी भवन में मतगणना कार्मिकों के दूसरे प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्मिकों को वोटों की गिनती की बारीकियों को समझाया और पूरी शुचिता व पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण के लिए कुल 176 कार्मिकों को बुलाया गया था लेकिन 165 ही पहुंचे। 11 कार्मिक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित कार्मिकों को नोटिस जारी कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ये रहे अनुपस्थित
अनुपस्थित कार्मिकों में दिनेश कुमार ओझा (लेखाकार, कोषागार), अनिल कुमार त्रिपाठी (राज्य कर अधिकारी), चंद्रशेखर (अमीन, चौरीचौरा), धर्मेश (सहायक अभियंता, GDA), अरुण प्रकाश सिंह (राजस्व निरीक्षक, सदर), कुमार शैलेन्द्र (सहायक चकबंदी अधिकारी, खजनी), उपेंद्र कुमार, विजय राय, लव कुमार सिंह (लेखपाल, सदर), महेंद्र पांडेय (अमीन, सदर) और कालिका प्रसाद (अवर अभियंता, सिंचाई) शामिल हैं।बैठक में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर अजय कुमार राय, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

