राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का गोरखपुर दौरा: गोरखनाथ मंदिर में की पूजा-अर्चना, मुख्यमंत्री ने गर्मजोशी से किया स्वागत

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने दो दिवसीय गोरखपुर दौरे के दूसरे दिन गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने महायोगी गुरु गोरक्षनाथ के दर्शन किए और पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
मंदिर परिसर पहुंचने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुके देकर नितिन नवीन का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद मंदिर से संबद्ध संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ नितिन नवीन की पूजा संपन्न कराई। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहे। दर्शन-पूजन के पश्चात सीएम योगी ने भाजपा अध्यक्ष को एक विशेष स्मृति चिह्न भी भेंट किया।
नाश्ते पर हुई चर्चा, दिग्गज नेता रहे मौजूद
पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद नितिन नवीन ने मंदिर परिसर में ही नाश्ता किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और स्थानीय सांसद रवि किशन सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं के बीच इस दौरान अनौपचारिक बातचीत भी हुई।

मिशन-2027 को लेकर बैठकों का दौर
धार्मिक अनुष्ठान के बाद भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन संगठनात्मक गतिविधियों में व्यस्त हो गए। मंदिर से निकलने के बाद वे केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के आवास पर गए। इसके बाद एनेक्सी भवन में उन्होंने मिशन-2027 की तैयारियों और बूथ सक्रियता का जायजा लेने के लिए बैठकों का सिलसिला शुरू किया। इन बैठकों में गोरखपुर क्षेत्र के पिछले तीन कार्यकाल के जिलाध्यक्षों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों और वर्तमान क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ आगामी रणनीति पर विस्तृत मंथन किया जा रहा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

