गोरखपुर में नाग पंचमी पर तालाब में डूबे तीन बच्चे: नहाने के दौरान गहरे पानी में समाए, मौके पर पहुंचे विधायक

गोरखपुर|

बांसगांव क्षेत्र के बदौली बाबू गांव में नाग पंचमी का पर्व तीन परिवारों के लिए मातम में बदल गया। सोमवार सुबह तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। हादसा घर से करीब 100 मीटर दूर तालाब में हुआ। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की उम्र नौ, 12 और 14 वर्ष थी। घटना जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर सुबह करीब 10 बजे हुई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

बदौली बाबू गांव में नाग पंचमी के मौके पर तालाब के किनारे कई बच्चे जुटे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे तालाब में नहाने लगे। नहाते समय सचिन, अनुज और हरीश गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें डूबता देखकर पहले से तालाब में नहा रहे कुछ बच्चे किसी तरह बाहर निकले। इसके बाद वे गांव पहुंचे और लोगों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान के प्रतिनिधि विकास सिंह ग्रामीणों के साथ तालाब पर पहुंचे। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया और मछली पकड़ने वाले जाल की मदद से बच्चों की तलाश शुरू की।

दो ने अस्पताल में तोड़ा दम

काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने एक बच्चे को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इसके बाद दो अन्य बच्चों को भी बाहर निकाला गया। ग्रामीण उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने दोनों को भी मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही तालाब के आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए। तीन बच्चों की एक साथ मौत से गांव में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। नाग पंचमी के पर्व पर हुए इस हादसे से पूरे गांव में शोक की लहर है।

तीनों मृतक अलग-अलग कक्षाओं में पढ़ते थे

मृतकों में 14 वर्षीय सचिन पुत्र भजुराम, नौ वर्षीय अनुज पुत्र सत्य प्रकाश और 12 वर्षीय हरीश पुत्र राधेश्याम शामिल हैं। सचिन कक्षा छह का छात्र था। उसका एक भाई है और उसके पिता मजदूरी करते हैं। अनुज कक्षा तीन में पढ़ता था। उसका भी एक भाई है। उसके पिता गुजरात में पेंट-पॉलिश का काम करते हैं। हरीश कक्षा पांच का छात्र था और उसकी एक बहन है। उसके पिता दुबई में मजदूरी करते हैं।

विधायक और अधिकारियों ने परिजनों को दिया भरोसा

घटना की जानकारी मिलते ही बांसगांव विधायक डॉ. विमलेश पासवान, तहसीलदार बांसगांव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवाजी सिंह और ब्लॉक प्रमुख शिवाजी चंद समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।