युवाओं पर राजनीति करने वालों पर बरसे सीएम योगी: विपक्ष ने सबकुछ माफिया को सौंपा, गोरखपुर के जनार्दन यादव दंगल में रहे उपविजेता

गोरखपुर|17 अगस्त 2026
विपक्ष ने सबकुछ माफिया को सौंपा, गोरखपुर के जनार्दन यादव दंगल में रहे उपविजेता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित दंगल में खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार काम कर रही है। देश के लिए मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकार सीधे नौकरी दे रही है और अब तक करीब 500 खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कुछ लोग युवा-युवा चिल्ला रहे हैं, लेकिन उनके एजेंडे में युवा नहीं हैं। वे केवल युवाओं का इस्तेमाल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि पहले जो लोग सत्ता में थे, उन्होंने युवाओं के लिए कुछ नहीं किया और सबकुछ माफिया के हवाले कर दिया।

मुख्यमंत्री दोपहर करीब तीन बजे गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने गुरु गोरखनाथ की पूजा-अर्चना की और ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर जाकर आशीर्वाद लिया। इसके बाद नाग पंचमी पर आयोजित दो दिवसीय प्रदेश स्तरीय सीनियर प्राइजमनी पुरुष कुश्ती प्रतियोगिता में पहुंचे। सीएम के सामने उत्तर प्रदेश केसरी, उत्तर प्रदेश कुमार और उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु के खिताबी मुकाबले हुए। प्रतियोगिता में 300 से अधिक पहलवानों ने हिस्सा लिया। प्रदेश के खेल विभाग और जिला कुश्ती संघ की ओर से विजेता पहलवानों को लाखों रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई।

प्रतियोगिता के परिणाम

उत्तर प्रदेश वीर अभिमन्यु में गाजीपुर के सूरज विजेता और गोरखपुर के जनार्दन यादव उपविजेता रहे। उत्तर प्रदेश कुमार का खिताब वाराणसी के सौरभ यादव ने जीता, जबकि जौनपुर के अमित उपविजेता रहे। उत्तर प्रदेश केसरी का खिताब गौतमबुद्धनगर के आकाश ने जीता और गाजियाबाद के प्रशांत उपविजेता रहे।

खिलाड़ी के जीवन में आत्मअनुशासन सबसे महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा जितना खेल गतिविधियों से जुड़ेगा, उतना ही नशे से दूर रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने ड्रग्स और अन्य नशीले पदार्थों के साथ स्मार्टफोन के अत्यधिक इस्तेमाल की भी चुनौती है। उन्होंने कहा कि स्मार्टफोन पर खर्च होने वाले समय का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा फिजूल चला जाता है। यदि युवा इसी समय में से एक घंटा अपने शरीर के लिए दें तो शरीर स्वस्थ रहेगा और स्वस्थ शरीर के साथ दिमाग भी बेहतर तरीके से काम करेगा। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के जीवन में आत्मअनुशासन सबसे महत्वपूर्ण है। उसे समय पर उठने, सोने और खान-पान के नियमों का पालन करना पड़ता है। पुराने कोचों ने अपने जीवन को तपाया और खपाया है। उनके समय में प्रोत्साहन और संसाधनों की कमी थी। अब खिलाड़ियों के लिए सरकार की ओर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

पुराने अखाड़ों के रजिस्ट्रेशन पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने अखाड़ों का सरकार रजिस्ट्रेशन कराए और वहां खिलाड़ियों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। खेल के जिस भी क्षेत्र में सहयोग की जरूरत होगी, राज्य सरकार मदद करेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार नई युवा नीति ला रही है, जिसमें युवाओं के लिए कई योजनाएं शामिल होंगी। हर जिले में स्किलिंग एवं इंप्लायमेंट जोन बनाए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को प्रशिक्षण के साथ रोजगार के अवसर मिल सकें।

माफिया के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के जीवन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी और उनकी संपत्ति जब्त की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाशक्ति की सबसे बड़ी दुश्मन माफिया प्रवृत्ति है। इस दौरान उन्होंने गोरखपुर सांसद रवि किशन पर भी चुटकी ली और कहा कि कुशीनगर के सांसद ने कहा कि मैं आ गया तो रवि किशन भाग गए।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।