गोरखपुर में पीआरडी जवानों का भत्ता जल्द होगा 600 रुपये: 'सीएम पीआरडी परिवार कल्याण योजना' शुरू, 31 हजार जवान पंजीकृत

गोरखपुर|

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में पीआरडी जवानों के लिए ‘मुख्यमंत्री पीआरडी परिवार कल्याण योजना’ की शुरुआत की। योजना के तहत पीआरडी जवानों के परिवार को पांच लाख रुपये तक के उपचार की कैशलेस सुविधा मिलेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पीआरडी जवानों का दैनिक भत्ता जल्द बढ़ाकर 600 रुपये किया जाएगा। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। वर्तमान में जवानों को 500 रुपये प्रतिदिन भत्ता मिलता है।

योगी ने पीआरडी जवानों के वर्दी भत्ते के 3000 रुपये उनके बैंक खातों में ट्रांसफर किए। इससे पहले उन्होंने लखनऊ में प्रस्तावित पीआरडी भवन का शिलान्यास भी किया। 1948 में गठित प्रांतीय रक्षक दल के स्वयंसेवक पुलिस के साथ विभिन्न जिम्मेदारियों में सहयोग करते हैं। प्रदेश में 31 हजार पीआरडी जवान पंजीकृत हैं, जिनमें दो हजार से अधिक महिलाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं, इसलिए जवानों को भी अपनी जिम्मेदारियां और बेहतर तरीके से निभानी होंगी।

250 रुपये से शुरू हुआ भत्ता अब 500 रुपये तक पहुंचा

योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि पीआरडी जवानों का भत्ता वर्ष 2019 तक 250 रुपये था। 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये किया गया। वर्ष 2022 में भत्ता 395 रुपये हुआ और बाद में इसे 500 रुपये किया गया। उन्होंने जवानों को ‘देश प्रथम’ के संकल्प के साथ काम करने की अपील की और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की बात कही।

विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा यूपी

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले प्रदेश का पैसा विदेशों में जमा कराया जाता था और जरूरत पड़ने पर वहां चले जाने की तैयारी रहती थी। अमेरिका-ईरान युद्ध का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मिसाइलें वहां गिर रही थीं, जहां पैसा जमा था, लेकिन परेशान यहां के नेता थे। उन्होंने दावा किया कि अब दंगाई और माफिया खत्म हो चुके हैं। योगी ने कहा कि यूपी की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है और प्रति व्यक्ति आय 43 हजार रुपये से बढ़कर 1.20 लाख रुपये हो गई है। प्रदेश का बजट भी 9.70 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

पीआरडी जवानों को ट्रैफिक और मेट्रो सुरक्षा में लगाने की बात

योगी ने कहा कि पिछली सरकारों में पीआरडी जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, जबकि अब कई जगह जवान कम पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जवानों को ट्रैफिक व्यवस्था, मेट्रो सुरक्षा समेत अन्य जिम्मेदारियों में लगाया जा सकता है। इसके लिए बेहतर प्रशिक्षण जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण मिलने के बाद जवान अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेंगे और बेहतर परिणाम देंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।