गोरखपुर में एनकाउंटर में 15 हजारी इनामी बदमाश ढेर: पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने दबोचा, काफी समय से चल रहा था फरार

खजनी क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश को अरेस्ट कर लिया। जरलही पुल के पास हुई कार्रवाई में पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 19 मुकदमों में नामजद है और रंगदारी के एक मामले में काफी समय से फरार चल रहा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खजनी के भीटी खोरिया निवासी जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन के रूप में हुई है।
एसपी साउथ दिनेश पुरी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खजनी थाने का वांछित जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन बाघागाड़ा की तरफ से आकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने जरलही पुल के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। रात करीब 3:15 बजे एक संदिग्ध बाइक आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर और आवाज लगाकर बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, आवाज सुनते ही उसने बाइक पुल पर ही मोड़कर भागने की कोशिश की। लेकिन बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
तमंचे से की फायरिंग
बाइक गिरने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। चारों तरफ से घिरा देखकर बदमाश ने तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने एक ही गोली चलाई थी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें उसके बाएं पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। घायल होने के कारण उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका प्राथमिक उपचार कराया गया।
19 मुकदमों में नामजद है आरोपी
पुलिस के अनुसार, जितेंद्र पासवान उर्फ लादेन के खिलाफ चिलुआताल, कैंट, गोरखनाथ, शाहपुर, कोतवाली, बेलीपार, खजनी और बांसगांव थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। रंगदारी के एक मामले में वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की प्लेटिना बाइक बरामद की है।
खजनी पुलिस और एंटी थेप्ट सेल ने की संयुक्त कार्रवाई
यह कार्रवाई खजनी थाना पुलिस और एंटी थेप्ट सेल की संयुक्त टीम ने की। एसपी साउथ ने बताया कि खजनी थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह और एंटी थेप्ट सेल प्रभारी सुनील कुमार राय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इनामी बदमाश की घेराबंदी की थी। मुठभेड़ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पूर्व मामलों के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।










