गोरखपुर में पुलिस एनकाउंटर में गैंगस्टर अरेस्ट: पैर में गोली लगने से हुआ घायल, आरोपी पर दर्ज हैं 25 केस

गोरखपुर|

रामगढ़ताल क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद शातिर चोर और गैंगस्टर मो. शहजादे को अरेस्ट कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी राजघाट के तुर्कमानपुर नई मस्जिद का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर में गैंगस्टर एक्ट समेत 25 मुकदमे दर्ज हैं।

एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर रामगढ़ताल क्षेत्र में देर रात पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। इस दौरान कांस्टेबल रामपुकार भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

सीसीटीवी से हुई थी आरोपी की पहचान

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त को रामगढ़ताल क्षेत्र के एक घर में चोरी हुई थी। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगा था। इसमें चोरी करते दिखे एक आरोपी की पहचान मो. शहजादे के रूप में हुई थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। सोमवार रात चेकिंग के दौरान उसे पकड़ने में सफलता मिली।

साथी के साथ मिलकर करता था चोरी

पूछताछ में शहजादे ने पुलिस को बताया कि वह नियाज अहमद और एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस अब उसके बताए इनपुट के आधार पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के चार कंगन, एक अंगूठी, मंगलसूत्र, गले का हार और 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा बाइक, देशी तमंचा और जिंदा कारतूस भी मिला है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।