गोरखपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: अपराधियों ने पुलिस पर की फायरिंग, एक आरोपी गिरफ्तार दूसरा फरार
पिपराइच में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिससे एक सिपाही घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने एक बदमाश मुमताज को मुठभेड़ में पकड़ लिया, जबकि उसका एक साथी फरार हो गया।
पिपराइच के जंगल धूषण तिराहे पर मंगलवार तड़के चेकिंग के दौरान बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। बाएं हाथ में गोली लगने से सिपाही घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी जिसे पुलिस ने दबोच लिया। एक बदमाश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पकड़ा गया बदमाश मुमताज तिवारीपुर क्षेत्र का रहने वाला है उसके विरुद्ध जिले के अलग-अलग थानों में चोरी, लूट, आर्म्स और एनडीपीएस एक्ट समेत 14 मुकदमे दर्ज हैं।
संदिग्ध वाहनों की चल रही थी जांच
एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मंगलवार तड़के तीन बजे जंगल धूषण तिराहे पर पिपराइच थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पादरी बाजार की तरफ से दो लोग स्कूटी से आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो दोनों यूटर्न लेकर भागने लगे। पुलिस ने भाग रहे बदमाशों का पीछा किया। इसी दौरान स्कूटी सवार गिर गया।
बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर की फायरिंग
पुलिस टीम ने उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। गोली लगने से सिपाही हनुमान घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी। वह मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी सरफराज अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
बदमाशों के पास से बरामद हुए समान
घायल बदमाश की पहचान मुमताज अहमद उर्फ राजू के रूप में हुई है। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी पिपराइच ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मुमताज के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा व एक जिंदा कारतूस, 2200 रुपये नकद, एक स्कूटी बरामद हुई।
दर्ज है कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक दोनों वाहन और अन्य बरामद सामान पिपराइच में दर्ज तीन नकबजनी के मुकदमों से संबंधित हैं। मुमताज के विरुद्ध पिपराइच, रामगढ़ताल, शाहपुर, गुलरिहा, कैंट और अन्य थानों में चोरी, लूट, चोरी का माल रखने, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार साथी सरफराज की तलाश कर रही हैं।











