डीडीयू में हंगामे के बीच दरोगा की चेतावनी: बोला- इतनी फोर्स मंगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा, यह आंदोलन शांतिपूर्ण नहीं है

गोरखपुर|

डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी में छात्र नेताओं और असिस्टेंट प्रॉक्टर के बीच हुए हंगामे के बाद पुलिस की कार्रवाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मंगलवार को विवाद के दौरान स्थिति संभालने पहुंची पुलिस के एक दरोगा छात्रों पर नाराजगी जताते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वह आंदोलन के तरीके पर सवाल उठाते हुए पुलिस बल बढ़ाने की चेतावनी देते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इंटरनेट मीडिया पर पुलिस के रवैये को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

वायरल वीडियो में दरोगा छात्रों से कहते सुनाई दे रहे हैं, "ये शांतिपूर्ण तरीके का आंदोलन नहीं है। छात्र कॉलर पकड़ने पर उतर आ रहे हैं। ये शांतिपूर्ण धरना है? यही नियम है धरना का?" इसके बाद वह सख्त लहजे में कहते हैं, "इतनी फोर्स मंगाऊंगा, इतनी फोर्स मंगाऊंगा कि ठंडा कर दूंगा, बता दे रहा हूं... गोरखपुर पुलिस है ये।" दरोगा के इस बयान वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है।

प्रॉक्टर से अभद्रता के बाद बढ़ा विवाद

गोरखपुर पुलिस के अनुसार, आठ सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में निष्कासित छात्र धरने पर बैठे थे। प्रॉक्टर और अन्य अधिकारियों की छात्रों से बातचीत चल रही थी। इसी दौरान कुछ छात्र उग्र हो गए और प्रॉक्टर से अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की और मारपीट का प्रयास करने लगे। स्थिति बिगड़ते देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और प्रॉक्टर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर माहौल शांत कराया। पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

असिस्टेंट प्रॉक्टर से बातचीत में बिगड़ी बात

मंगलवार दोपहर प्रशासनिक भवन के नीचे भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता सतीश प्रजापति और उज्जवल सिंह से असिस्टेंट प्रॉक्टर वेद प्रकाश राय बातचीत करने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, धक्का-मुक्की के दौरान कुछ छात्र नेता नीचे गिर गए। मामला बढ़ने पर विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। छात्रों के बीच घिरे असिस्टेंट प्रॉक्टर को गार्ड वहां से निकालकर उनके कार्यालय तक ले गए।

मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान

हंगामे के बाद छात्र नेता दोबारा अनशन पर बैठ गए। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब पुलिसकर्मी के बयान को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।