गोरखपुर में भाजपा नेता की पत्नी ने थामा सपा का दामन: पति की हत्या के बाद लिया फैसला, बोलीं- अब तक नहीं मिला न्याय
चिलुआताल क्षेत्र में भाजपा नेता राजकुमार चौहान की हत्या के करीब पांच महीने बाद उनकी पत्नी सुशीला चौहान के समाजवादी पार्टी में शामिल होने से मामला फिर चर्चा में है। सुशीला ने लखनऊ में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान गोरखपुर के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि सुशीला चौहान को अभी तक न्याय नहीं मिला है। सुशीला के साथ कई अन्य लोगों ने भी सपा की सदस्यता ली। उनके पार्टी में शामिल होने को लेकर गोरखपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
राजकुमार चौहान की 17 मार्च को रोज की तरह घर से निकलने के दौरान कुछ लोगों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद उनकी पत्नी सुशीला चौहान ने पुलिस को तहरीर देकर पार्षद धर्मदेव चौहान पर आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस की जांच में धर्मदेव चौहान की संलिप्तता नहीं मिली। पुलिस के खुलासे के अनुसार, हत्या की वजह राजकुमार के भतीजे से जुड़ा विवाद था। मामले में दूसरे लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। हालांकि राजकुमार के परिवार की ओर से लगातार न्याय नहीं मिलने की बात कही जाती रही है।
भाजपा में सक्रिय थे राजकुमार चौहान
राजकुमार चौहान भाजपा के सक्रिय नेता थे। वह एक बार अपने प्रत्याशी को पार्षद का चुनाव जिताने में सफल रहे थे और पार्षद के प्रतिनिधि के तौर पर भी काम कर चुके थे। वह पनियरा विधानसभा सीट से चुनाव की तैयारी कर रहे थे। उन्हें राज्यसभा सदस्य और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल का करीबी माना जाता था। हत्या की जानकारी मिलने के बाद डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल दिल्ली से गोरखपुर पहुंचे थे और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
सपा प्रतिनिधिमंडल भी परिवार से मिला था
राजकुमार चौहान के प्रदेश सरकार में मंत्री दारा सिंह चौहान से भी करीबी संबंध बताए जाते थे। उनकी हत्या की जानकारी मिलने पर दारा सिंह चौहान भी गोरखपुर पहुंचे थे। बाद में अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा के प्रतिनिधिमंडल ने राजकुमार के परिवार से मुलाकात की थी। अब करीब पांच महीने बाद उनकी पत्नी सुशीला चौहान ने सपा की सदस्यता लेकर राजनीतिक रूप से नया रुख अपनाया है।
पार्टी की सदस्यता ग्रहण की
सुशीला चौहान सपा जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम के साथ लखनऊ पहुंचीं। वहां सपा प्रमुख की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ कई अन्य लोगों ने भी सपा का दामन थामा। पति की हत्या के बाद सुशीला का सपा में शामिल होना अब जिले की सियासत में चर्चा का विषय बना हुआ है।











