गोरखपुर में गंदे पानी से लोग बेहाल: पाइपलाइन टूटने से बंद हुई थी सप्लाई, बाहर से पानी खरीदने को मजबूर लोग

गोरखपुर|

चौक हुमायूंपुर उत्तरी में पाइपलाइन टूटने के बाद करीब 24 घंटे तक घरों में पानी की सप्लाई बंद रही। मंगलवार शाम पानी आया तो लोगों की परेशानी कम होने के बजाय और बढ़ गई। नलों से बेहद गंदा और बदबूदार पानी निकलने लगा। लोगों का आरोप है कि पानी इतना दूषित है कि उसे घरेलू काम में इस्तेमाल करना भी मुश्किल है। बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों का खतरा पहले से बढ़ा हुआ है, ऐसे में दूषित पानी की सप्लाई ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। मोहल्ले के लोग घर का काम छोड़कर पानी की व्यवस्था में जुटे हैं। कई परिवार हैंडपंप से पानी ढोकर ला रहे हैं, जबकि पीने के लिए बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार से ही इलाके में पानी की समस्या शुरू हो गई थी। पाइपलाइन टूटने के कारण घरों में पानी नहीं पहुंच रहा था। पानी की समस्या को लेकर लोगों ने नगर निगम के जेई से संपर्क किया। जेई ने बताया था कि पाइपलाइन टूटने के कारण सप्लाई बाधित है और शाम तक पानी की आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। मंगलवार शाम सप्लाई शुरू तो हुई, लेकिन नलों से साफ पानी के बजाय गंदा और दुर्गंधयुक्त पानी आने लगा। इससे लोगों की समस्या जस की तस बनी हुई है।

हैंडपंप से ढो रहे पानी

स्थानीय निवासी अश्वनी ने बताया कि पाइपलाइन टूटने के बाद करीब एक दिन तक पानी नहीं आया। मंगलवार शाम सप्लाई शुरू हुई तो नल से एकदम गंदा पानी निकला। उन्होंने कहा कि समस्या सिर्फ उनके घर की नहीं, बल्कि पूरे मोहल्ले की है। घर के इस्तेमाल के लिए मंदिर के पास लगे हैंडपंप से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं पीने के लिए बाहर से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। निवासी शिवानी श्रीवास्तव ने बताया कि पानी नहीं आने से घर का कोई काम नहीं हो पा रहा है। किचन का सामान तक फैला पड़ा है और पानी की बोतल खरीदकर किसी तरह काम चलाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पानी की समस्या से बेहद ज्यादा परेशानी हो रही है।

जेई पर समस्या टालने का आरोप

शीला श्रीवास्तव ने बताया कि उनके घर में पानी की सप्लाई बाधित है। जेई से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका आरोप है कि मामले को गंभीरता से लेने के बजाय बात टाल दी जा रही है। बारिश के मौसम में दूषित पानी से संक्रामक रोगों का खतरा पहले से रहता है। ऐसे में नगर निगम को तत्काल पाइपलाइन की जांच कर साफ पानी की सप्लाई सुनिश्चित करनी चाहिए। इस मामले में नगर निगम के जेई से पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।