गोरखपुर में गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल से रिकॉर्डिंग: टीन शेड में फंसा मिला फोन, वार्डेन पर FIR दर्ज
मोहद्दीपुर स्थित उत्तम गर्ल्स हॉस्टल के बाथरूम में मोबाइल रखकर छात्राओं की रिकॉर्डिंग करने के मामले में वार्डेन के खिलाफ कैंट थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। छात्राओं ने आरोप लगाया कि बाथरूम में कैमरा ऑन करके एंड्रायड मोबाइल रखा गया था, जिसका कैमरा टॉयलेट की तरफ था। मोबाइल की जांच में कई छात्राओं की रिकॉर्डिंग मिली। मामला सामने आने के बाद छात्राओं ने हंगामा किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने वार्डेन का मोबाइल कब्जे में लेकर उसमें मौजूद वीडियो डिलीट कराए। छात्राओं के मोबाइल में मौजूद रिकॉर्डिंग भी डिलीट कराई गई, लेकिन इसके बावजूद कुछ वीडियो वायरल हो गए।
हॉस्टल में 20 कमरों में 26 छात्राएं रहती हैं। इनमें शहर के अलग-अलग कॉलेजों में पढ़ने वाली और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राएं शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, दो दिन पहले ही एक छात्रा हॉस्टल में आई थी। आठ सितंबर की रात वह बाथरूम गई तो उसकी नजर टीन शेड में फंसे मोबाइल पर पड़ी। उसने पहले अपने फोन से मोबाइल का वीडियो बनाया और फिर हॉस्टल की अन्य छात्राओं को बुलाकर पूरी जानकारी दी।
छात्राओं ने हॉस्टल में किया हंगामा
छात्राओं ने मोबाइल चेक किया तो उसमें करीब तीन घंटे की रिकॉर्डिंग मिली। पुलिस के मुताबिक, सैमसंग के तीन कैमरे वाले एंड्रायड फोन में 5-6 लड़कियों के बाथरूम में रहने के वीडियो मिले थे। इसके बाद छात्राओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। एक छात्रा ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना देने के साथ अपने परिवार को भी जानकारी दी। रात करीब 12 बजे पीआरवी और कैंट पुलिस हॉस्टल पहुंची। उस समय महिला वार्डेन आरती सिंह छात्राओं को समझाने की कोशिश कर रही थीं। काफी देर तक हॉस्टल में हंगामा चलता रहा।
सेनेटरी पैड फेंकने पर नजर रखने का दावा
पूछताछ में वार्डेन ने पुलिस को बताया कि लड़कियां इधर-उधर सेनेटरी पैड फेंक देती थीं। इसी पर नजर रखने के लिए उन्होंने रात करीब 10 बजे मोबाइल की रिकॉर्डिंग ऑन करके उसे बाथरूम में रखा था। पुलिस के मुताबिक, वार्डेन ने यह भी कहा कि हॉस्टल की सुरक्षा के लिए अलग-अलग जगह कैमरे लगाए गए हैं और उनकी कोई गलत मंशा नहीं थी।
छात्राओं की शिकायत पर केस दर्ज
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि छात्राओं की तहरीर के आधार पर वार्डेन आरती सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत में बाथरूम में मोबाइल रखकर छात्राओं के नहाने और फ्रेश होने के दौरान वीडियो रिकॉर्ड करने और उनकी निजता भंग करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मकान मालिक के मुताबिक, महिला कई साल से उनका घर किराए पर लेकर गर्ल्स हॉस्टल चला रही है और इससे पहले उसके खिलाफ कोई शिकायत नहीं मिली थी।











