गोरखपुर के कंप्यूटर सेंटर में शिक्षक ने की अश्लील हरकत: एक्स्ट्रा क्लास के बहाने छात्रा को रोका, पकड़े जाने पर बोला- बहन मानता हूं
शहर के कैंपियरगंज में एक कंप्यूटर सेंटर में छात्रा के साथ शिक्षक की कथित हरकत का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लास खत्म होने के बाद शिक्षक ने छात्रा को अतिरिक्त पढ़ाई के बहाने रोक लिया और उसके साथ गलत हरकत की। इसी दौरान छात्रा का भाई कुछ युवकों के साथ कंप्यूटर लैब पहुंच गया। वहां शिक्षक को छात्रा को किस करते हुए पकड़ने का आरोप लगाते हुए युवकों ने उसे 2-3 थप्पड़ मारे। घटना बुधवार की बताई जा रही है, जबकि इसका वीडियो गुरुवार को सामने आया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर सोमहिया स्थित कंप्यूटर सेंटर का है। यहां करीब 40 लड़के-लड़कियां कंप्यूटर सीखते हैं। बुधवार को क्लास खत्म होने के बाद शिक्षक ने एक छात्रा को रोक लिया। छात्रा के भाई का आरोप है कि शिक्षक उसे एक्स्ट्रा क्लास के बहाने रोककर कमरे में ले गया और उसके साथ गलत हरकत कर रहा था। इसी दौरान भाई अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया और शिक्षक को छात्रा के साथ पकड़ लिया।
शिक्षक बोला- रक्षाबंधन पर बांधी थी राखी
छात्रा के भाई ने शिक्षक से क्लास खत्म होने के बाद छात्रा के साथ कमरे में रहने को लेकर सवाल किया। शिक्षक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह छात्रा को अपनी बहन मानता है। उसने बताया कि छात्रा ने रक्षाबंधन पर उसे राखी भी बांधी थी और वह अतिरिक्त पढ़ाई के लिए रुकी थी। इसके बाद युवकों ने शिक्षक को 2-3 थप्पड़ मारे और उसके साथ गाली-गलौज की। युवकों ने उसे कंप्यूटर सेंटर बंद करने की चेतावनी भी दी।
वीडियो सामने आने के बाद बढ़ी नाराजगी
युवकों ने शिक्षक को चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह की घटना सामने आने पर उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरी घटना मोबाइल में रिकॉर्ड हो चुकी है। गुरुवार को वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मामले की जांच कराने के साथ सेंटर में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर मामले की जांच और पूछताछ कर रही है।











