गोरखपुर में सोफे पर मिली इंजीनियर की बॉडी: चार दिन से बंद पड़ा था घर, दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने दी सूचना

गोरखपुर|

खोराबार स्थित सहारा स्टेट में शुक्रवार सुबह सनसनी फैल गई। एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मकान का दरवाजा खुलवाया तो अंदर सोफे पर 45 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक त्रिपाठी का शव पड़ा मिला। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। अभिषेक मूल रूप से देवरिया जिले के रहने वाला था और यहां गोरखपुर में सहारा स्टेट में रहता था।

आसपास के लोगों के मुताबिक, अभिषेक पिछले करीब चार दिनों से दिखाई नहीं दिए थे। इस दौरान मकान का दरवाजा भी बंद था। शुक्रवार सुबह घर से अचानक तेज दुर्गंध आने लगी। इसके बाद पड़ोसियों को किसी अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही खोराबार पुलिस मौके पर पहुंची और मकान की स्थिति की जांच शुरू की।

अंदर से बंद मिला दरवाजा

पुलिस के पहुंचने पर मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर अंदर प्रवेश किया तो सोफा सेट पर अभिषेक का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने कमरे की बारीकी से जांच की और मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अभिषेक की मौत किन परिस्थितियों में हुई?

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस ने अभिषेक के परिवार के लोगों को घटना की जानकारी दे दी है। उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है। कमरे में संघर्ष के निशान या किसी अन्य संदिग्ध परिस्थिति के संकेत मिले हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। सीओ कैंट कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि दरवाजा अंदर से बंद था। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।