गोरखपुर में समय पर एंबुलेंस न मिलने से मरीज परेशान: एक घंटे तक स्ट्रेचर पर तड़पता रहा घायल, छत से नीचे गिरने पर जिला अस्पताल भेजा
उरुवा में छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल सकी। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर किए जाने के बाद वह करीब एक घंटे तक स्ट्रेचर पर पड़े रहे। परिजन 108 नंबर पर लगातार संपर्क करते रहे, लेकिन उन्हें एंबुलेंस पहुंचने का आश्वासन ही मिलता रहा। बाद में एंबुलेंस पहुंची और मरीज को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उरुवा थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी राजकुमार गुप्ता छत से गिर गए थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उरुवा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने 108 नंबर पर एंबुलेंस के लिए फोन किया। आरोप है कि काफी देर तक उन्हें एंबुलेंस रास्ते में होने की जानकारी दी जाती रही, लेकिन वाहन नहीं पहुंचा। परेशान परिजन निजी वाहन की व्यवस्था में जुट गए। इस दौरान राजकुमार स्ट्रेचर पर तड़पते रहे।
बेलघाट से भेजी गई एंबुलेंस
मरीज की स्थिति देखकर परिजनों ने पीएचसी में मौजूद चिकित्सक से मदद मांगी। चिकित्सक ने बेलघाट से एंबुलेंस की व्यवस्था कराने के लिए फोन किया। कुछ देर बाद एंबुलेंस पीएचसी पहुंची और राजकुमार को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जेपी त्रिपाठी ने बताया कि मरीज करीब 2:30 बजे पीएचसी आया था। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर किया गया। उस समय पीएचसी की एंबुलेंस जिला अस्पताल और बीआरडी मेडिकल कॉलेज गई हुई थीं। जिला मुख्यालय से संपर्क करने के बाद बेलघाट की एंबुलेंस भेजी गई, जिससे मरीज को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।











