गोरखपुर में गोल्ड शोरूम में चेकिंग पर विवाद: इंफ्लुएंसर और शोरूम स्टाफ आए आमने-सामने, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

गोरखपुर|

शहर में गोल्ड शोरूम में शूटिंग के बाद चेकिंग को लेकर इंफ्लुएंसर और सेंको गोल्ड के स्टाफ के बीच विवाद हो गया। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। स्वेक्षा ने शोरूम स्टाफ पर अभद्रता करने, कैमरा मैन से मारपीट और उन पर गोल्ड चोरी का आरोप लगाने का दावा किया है। वहीं, ब्रांच मैनेजर रवीश कुमार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि स्टाफ कंपनी की पॉलिसी के तहत फ्रिस्किंग कराने के लिए कह रहा था। उनके मुताबिक, कैमरा मैन ने चेकिंग से इनकार किया और स्टाफ से अभद्रता की। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों की ओर से कैंट थाने में शिकायत दी गई है।

स्वेक्षा मिश्रा के मुताबिक, सेंको गोल्ड में शूट के दौरान स्टाफ की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। शूट पूरा होने के बाद उनसे चेकिंग कराने के लिए कहा गया। उनका कहना है कि कंपनी की चेकिंग पॉलिसी के बारे में उन्हें पहले से जानकारी नहीं दी गई थी। इसके बावजूद कुछ देर की बहस के बाद उन्होंने चेकिंग करा ली। स्वेक्षा ने बताया कि बाहर निकलते समय उन्होंने कहा कि यदि कंपनी की ऐसी पॉलिसी है तो वह ग्राहक के तौर पर यहां दोबारा खरीदारी के लिए नहीं आएंगी।

कैमरा लेकर बाहर निकलने को कहा

स्वेक्षा ने आरोप लगाया कि इसके बाद शोरूम स्टाफ ने कैमरा लेकर बाहर निकलने को कहा और शूट के पैसे नहीं मिलने की बात कही। उनका दावा है कि पार्किंग में हेलमेट निकालते समय स्टाफ का एक कर्मचारी जैकेट उतारकर वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उनके कैमरा मैन का कॉलर पकड़कर उसके साथ मारपीट की गई। स्वेक्षा ने यह भी दावा किया कि स्टाफ ने उन लोगों पर गोल्ड चोरी करने का आरोप लगाया। इसी के बाद विवाद और बढ़ गया।

कंपनी पॉलिसी के तहत कराई जा रही थी फ्रिस्किंग

ब्रांच मैनेजर रवीश कुमार ने बताया कि सेंको कंपनी की ओर से इंफ्लुएंसर शूट का आयोजन किया गया था और इसके लिए स्वेक्षा मिश्रा को आमंत्रित किया गया था। शनिवार को शोरूम में उनकी करीब दो से तीन घंटे की शूटिंग थी। शूट खत्म होने के बाद कंपनी की पॉलिसी के अनुसार स्वेक्षा से फ्रिस्किंग यानी मेटल डिटेक्टर से चेकिंग कराने के लिए कहा गया। मैनेजर के अनुसार, स्वेक्षा ने पहले चेकिंग से मना कर दिया। स्टाफ के अनुरोध के बाद फ्लोर मैनेजर ने कंपनी से बात की, जिसके बाद वह चेकिंग कराने के लिए तैयार हो गईं।

कैमरा मैन की चेकिंग से इनकार पर बढ़ा विवाद

रवीश कुमार के मुताबिक, इसके बाद स्वेक्षा के कैमरा मैन की भी फ्रिस्किंग कराने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। कई बार अनुरोध के बावजूद वह तैयार नहीं हुए और कैमरा लेकर बाहर जाने लगे। मैनेजर का आरोप है कि इसी दौरान कैमरा मैन ने स्टाफ से अभद्रता और गाली-गलौज की। उन्होंने दावा किया कि विवाद बढ़ने पर मारपीट की स्थिति बनने लगी और कैमरा मैन ने अपने कुछ साथियों को भी बुला लिया। मैनेजर के अनुसार, स्टाफ विवाद को बढ़ाने के बजाय खुद का बचाव कर रहा था। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी की बात चेकिंग नहीं कराने के शक के संदर्भ में कही गई थी।

कैंट थाने में दोनों पक्षों की शिकायत

विवाद के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की ओर से कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। ब्रांच मैनेजर ने बताया कि शोरूम की ओर से स्वेक्षा मिश्रा और अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के आरोपों के बीच अब पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।