गोरखपुर में धमकी मामले में पूर्व पार्षद का बेटा अरेस्ट: आपत्तिजनक पोस्ट का आरोप, पूर्व उपसभापति की शिकायत पर हुई कार्रवाई
शाहपुर क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक पोस्ट और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पूर्व पार्षद के बेटे को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बरगदवा के विकास नगर जप्ती टोला निवासी रजत चौधरी के रूप में हुई है। उसके खिलाफ राप्तीनगर निवासी पूर्व उपसभापति एवं पार्षद प्रतिनिधि बृजेश सिंह उर्फ छोटू की तहरीर पर शुक्रवार को शाहपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
बृजेश सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि रजत चौधरी राजनीतिक विरोधियों के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं। इससे उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। आरोप है कि 10 सितंबर को रजत ने इंस्टाग्राम पर बृजेश सिंह के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट की। इसमें दो थप्पड़ में जमीन पर सुला देने जैसी धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पोस्ट सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बृजेश सिंह के पास कई लोगों के फोन भी आए।
गाली-गलौज और धमकी का भी आरोप
तहरीर में बृजेश सिंह ने सोशल मीडिया पर जातिसूचक शब्दों और हिंदू धर्म के अपमान से जुड़ी आपत्तिजनक पोस्ट करने का भी आरोप लगाया है। इसके अलावा फोन पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने की बात कही गई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि ऐसी गतिविधियों से उन्हें और उनके परिवार को खतरा है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
पत्नी वर्तमान में उपसभापति
बृजेश सिंह नगर निगम में कई बार पार्षद और उपसभापति रह चुके हैं। वर्तमान में उनकी पत्नी नगर निगम की उपसभापति होने के साथ राप्तीनगर की पार्षद हैं। वहीं गिरफ्तार रजत चौधरी पूर्व पार्षद जनार्दन चौधरी का बेटा है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद शाहपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।











