दशहरा-छठ पर गोरखपुर रूट पर दौड़ेंगी तीन स्पेशल ट्रेनें: 22 कोच से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, दिल्ली-गुजरात का सफर होगा आसान
दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर होकर तीन साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें आनंद विहार, अंबाला कैंट और वडोदरा के लिए चलेंगी। इनके संचालन से गोरखपुर और पूर्वांचल के यात्रियों को दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और गुजरात की ओर जाने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। तीनों ट्रेनों का संचालन अक्टूबर और नवंबर में निर्धारित फेरों के अनुसार होगा।
05085 छपरा-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन छह अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। छपरा से दोपहर 1:05 बजे रवाना होकर यह मशरख, दिघवा दुबौली, थावे, पडरौना, रामकोला और कप्तानगंज होते हुए शाम 7:20 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद होकर अगले दिन सुबह 9:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में 05086 आनंद विहार-छपरा विशेष ट्रेन सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह आनंद विहार से सुबह 10:50 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:35 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और कप्तानगंज, रामकोला, पडरौना, थावे, दिघवा दुबौली व मशरख होकर सुबह सात बजे छपरा पहुंचेगी। इसमें कुल 22 कोच होंगे।
मऊ-अंबाला ट्रेन से दिल्ली-हरियाणा का सफर
05301 मऊ-अंबाला कैंट साप्ताहिक त्योहार विशेष ट्रेन एक अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। मऊ से सुबह 4:40 बजे रवाना होकर बेलथरा रोड, भटनी और देवरिया सदर के रास्ते सुबह 7:50 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती, मनकापुर, गोंडा, सीतापुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए रात 10:10 बजे गाजियाबाद और रात 11:05 बजे दिल्ली पहुंचेगी। सोनीपत व पानीपत के रास्ते अगले दिन सुबह 3:55 बजे अंबाला कैंट पहुंचेगी। वापसी में 05302 अंबाला कैंट-मऊ विशेष ट्रेन दो अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को चलेगी। यह सुबह 5:45 बजे अंबाला से रवाना होकर अगले दिन रात 12:35 बजे गोरखपुर और सुबह 4:30 बजे मऊ पहुंचेगी। इसमें भी 22 कोच लगाए जाएंगे।
वडोदरा ट्रेन से राजस्थान-गुजरात की कनेक्टिविटी
09111 वडोदरा-गोरखपुर साप्ताहिक पूजा विशेष ट्रेन पांच अक्टूबर से 23 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी। वडोदरा से शाम सात बजे रवाना होकर ट्रेन गोधरा, रतलाम, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, भरतपुर, आगरा, टुंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कानपुर, ऐशबाग, बाराबंकी, गोंडा और बस्ती होते हुए रात 11:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वापसी में 09112 गोरखपुर-वडोदरा पूजा विशेष ट्रेन सात अक्टूबर से 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। यह गोरखपुर से सुबह पांच बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:35 बजे वडोदरा पहुंचेगी। इसमें 22 कोच के साथ पेंट्रीकार भी रहेगा।
लखनऊ में नहीं रुकेगी वडोदरा स्पेशल
आरएलडीए की ओर से लखनऊ स्टेशन पर लिए जाने वाले ब्लॉक के कारण 09111/09112 वडोदरा-गोरखपुर पूजा विशेष ट्रेन परिवर्तित मार्ग मानकनगर-ऐशबाग-मल्हौर होकर चलेगी। इसके चलते ट्रेन का लखनऊ स्टेशन पर ठहराव नहीं होगा। रेलवे के अनुसार पर्वों के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने पर इन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, जिससे गोरखपुर और आसपास के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।











