गोरखपुर में सोते समय छात्र की चाकू मारकर हत्या: हमलावरों ने सिर पर किया वार, पिता के इलाज के लिए लखनऊ गया था परिवार
बांसगांव थाना क्षेत्र के जयंतीपुर गांव में गुरुवार सुबह बरामदे में सो रहे BSc प्रथम वर्ष के छात्र शुभम मिश्रा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय शुभम घर पर अकेला था। उसके पिता स्वदेश मिश्रा की किडनी खराब होने के कारण परिवार इलाज और किडनी ट्रांसप्लांट के सिलसिले में लखनऊ गया था। सुबह घटना की जानकारी होते ही गांव में चीख-पुकार मच गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
जयंतीपुर निवासी शुभम दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। वह BSc प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता स्वदेश मिश्रा खेती-किसानी करते हैं। परिजनों के मुताबिक, वह पिछले चार-पांच साल से किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं। इलाज और किडनी ट्रांसप्लांट के लिए पूरा परिवार लखनऊ गया था। शुभम घर पर अकेला रह गया था।
खाना खाने के बाद बरामदे में सोया था
बुधवार रात खाना खाने के बाद शुभम घर के बाहर बरामदे में सोने चला गया। गुरुवार सुबह करीब पांच बजे अज्ञात हमलावर ने सोते समय उसके सिर पर चाकू से वार कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण उसे एंबुलेंस से पीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचने लगे।
बेटे की मौत की खबर सुन मां बार-बार हुईं बेहोश
लखनऊ में बेटे की मौत की सूचना मिलने पर मां सुधा मिश्रा बार-बार बेहोश हो रही थीं। वह रोते हुए बेटे के पास ले जाने की बात कहती रहीं। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजन लखनऊ से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल शुभम का शव घर के बाहर रखा गया है और परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर CO खजनी अनुज सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों के पहुंचने के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह और वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर के बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। अज्ञात हमलावर की तलाश के साथ मामले की जांच जारी है।











