गोरखपुर में रॉन्ग साइड से आए डंपर ने छात्र को रौंदा: पहिए में फंसने से 200 मीटर तक घसीटा, गुस्साए ग्रामीणों ने फूंका वाहन

गोरखपुर|17 सितंबर 2026
पहिए में फंसने से 200 मीटर तक घसीटा, गुस्साए ग्रामीणों ने फूंका वाहन

गुलरिहा क्षेत्र में रॉन्ग साइड से आए डंपर ने साइकिल से ट्यूशन जा रहे कक्षा नौ के छात्र को रौंद दिया। छात्र डंपर के पहिए में फंस गया और चालक उसे करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी और शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन पर करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहा।

नाहरपुर के पास लंगड़ी गुलरिहा में रहने वाले राजेश प्रजापति ओडीओपी में शामिल टेराकोटा के हस्तशिल्पी हैं। वह मिट्टी से कलाकृतियां तैयार कर बेचते हैं। उनका 15 वर्षीय इकलौता बेटा आदित्य सावित्री पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ का छात्र था। आदित्य साइकिल से ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था। घर से करीब 200 मीटर दूर पहुंचते ही रॉन्ग साइड से आ रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी।

ग्रामीणों ने चालक का पीछा किया

हादसा देखकर ग्रामीणों ने डंपर रोकने के लिए शोर मचाया और उसके पीछे दौड़े। खुद को घिरता देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने डंपर में आग लगा दी। शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू होने से फोरलेन के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई।

दो घंटे बाद खुला जाम

सूचना पर एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, एसपी सिटी निमिश पाटिल, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने डंपर की आग बुझाई। परिजनों ने दोषी के खिलाफ कार्रवाई के साथ एक करोड़ रुपये मुआवजा और पिता को सरकारी नौकरी देने की मांग की। एसडीएम ने लिखित शिकायत लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका।

पुलिस ने सीज किया वाहन

गुलरिहा थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद पाल ने बताया कि छात्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।