गोरखपुर होकर चलेंगी दो स्पेशल ट्रेनें: दिल्ली-बिहार रेल रूट पर यात्रियों को मिलेगी राहत, आनंद विहार-मुजफ्फरपुर के बीच लगेंगे 13 फेरे
त्योहारों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने गोरखपुर होकर दो आरक्षित त्योहार स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें एक ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से मुजफ्फरपुर और दूसरी दिल्ली से सीतामढ़ी के बीच चलेगी। आनंद विहार-मुजफ्फरपुर ट्रेन सप्ताह में दो दिन, जबकि दिल्ली-सीतामढ़ी ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। दोनों ट्रेनों के चलने से दिल्ली, गोरखपुर और बिहार के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।
04028 आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर द्वि-साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। आनंद विहार से सुबह 9:15 बजे रवाना होकर ट्रेन अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, सीतापुर, गोंडा और बस्ती के रास्ते रात 10:25 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से छपरा, सोनपुर और हाजीपुर होते हुए अगले दिन सुबह 4:30 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। वापसी में 04027 मुजफ्फरपुर-आनंद विहार ट्रेन 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक बुधवार और शनिवार को चलेगी। यह मुजफ्फरपुर से सुबह 6:15 बजे रवाना होकर दोपहर 12:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी और अगले दिन सुबह 5:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
20 कोच के साथ चलेगी ट्रेन
आनंद विहार टर्मिनल-मुजफ्फरपुर ट्रेन में कुल 20 कोच होंगे। इनमें एक एसी द्वितीय श्रेणी, दो एसी तृतीय श्रेणी, नौ शयनयान, छह सामान्य द्वितीय श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं।
प्रत्येक गुरुवार को चलेगी दिल्ली-सीतामढ़ी ट्रेन
04010 दिल्ली-सीतामढ़ी साप्ताहिक आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी। दिल्ली से रात 11:05 बजे रवाना होकर यह अगले दिन दोपहर 1:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बगहा, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल और बैरगनिया होते हुए रात 11:30 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। वापसी में 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली ट्रेन 17 अक्टूबर से 21 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को चलेगी। सीतामढ़ी से रात 12:45 बजे चलकर सुबह 7:50 बजे गोरखपुर और रात 8:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
सीतामढ़ी स्पेशल सीतामढ़ी स्पेशल लगाए जाएंगे 21 कोच
इस ट्रेन में 21 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक एलएसएलआरडी, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, छह शयनयान, चार एसी तृतीय इकोनॉमी, दो एसी तृतीय श्रेणी, दो एसी द्वितीय श्रेणी, एक एसी प्रथम श्रेणी और एक जनरेटर सह लगेज यान शामिल है।











