गोरखपुर जनता दर्शन में पहुंचे 200 फरियादी: डायलिसिस के इलाज के लिए लगाई गुहार, CM ने दिया आर्थिक सहायता का भरोसा
दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन किया। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर आयोजित कार्यक्रम में करीब 200 लोग पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। देवरिया से आई महिला ने दिव्यांग परिजन की गंभीर बीमारी और डायलिसिस के इलाज में आर्थिक परेशानी बताई। मुख्यमंत्री ने स्थानीय स्तर पर डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध कराने और आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश दिए।
जनता दर्शन में गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों के परिजन आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने कहा कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों से मरीजों का एस्टीमेट तैयार कराकर जरूरत के अनुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने को कहा। एक फरियादी ने पेंशन बंद होने की शिकायत की। मुख्यमंत्री ने पेंशन रुकने का कारण पता कर उसे दोबारा शुरू कराने के निर्देश दिए।
सीएम ने मामलों के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश
जनता दर्शन में जमीन पर कब्जा न मिलने, दूसरे व्यक्ति द्वारा जमीन पर कब्जा करने और रास्ते से जुड़े विवाद की शिकायतें भी आईं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ऐसे मामलों का जल्द निस्तारण कराने को कहा। उन्होंने अवैध कब्जे के मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री खुद प्रत्येक फरियादी के पास पहुंचे, आवेदन लिए और समस्याएं सुनीं। महिला फरियादियों के साथ आए बच्चों को उन्होंने चॉकलेट देकर दुलारा।
गोशाला में गायों को खिलाई गुड़-रोटी
जनता दर्शन से पहले मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और गोशाला पहुंचे। उन्होंने गायों को गुड़ और रोटी खिलाई। इस दौरान गोरखपुर में लंपी रोग की स्थिति की भी जानकारी ली। डॉक्टरों ने बताया कि जिले में फिलहाल इसका प्रकोप नहीं है।











