नितिन नवीन का विपक्ष पर करारा तंज: कांग्रेस का रॉकेट ही नहीं, लॉन्चिंग पैड भी खराब, भाजपा की लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा
भारतीय जनता पार्टी की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ पदयात्रा’ के दौरान राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गईं हैं। इस पदयात्रा की अगुवाई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उन्हें बार-बार लॉन्च करने की कोशिश हो रही है। इससे यह साफ हो गया है कि न सिर्फ उनका रॉकेट, बल्कि कांग्रेस का लॉन्चिंग पैड भी पूरी तरह खराब हो चुका है।
हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ते हैं
नितिन नवीन ने सपा और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब भी ये दल चुनाव हारते हैं, तो रोने लगते हैं। अपनी कमियों और रणनीतियों की समीक्षा करने के बजाय सीधे इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को दोषी ठहराने लगते हैं। उन्होंने इसे विपक्ष की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण बताया। भाजपा अध्यक्ष ने याद दिलाया कि चुनाव आयोग ने ईवीएम की सत्यता को लेकर खुली चुनौती दी थी, लेकिन उस समय विपक्षी नेता सामने आने के बजाय मैदान छोड़कर पीछे हट गए थे।
2027 के विस चुनाव में साफ हो जाएगी सपा
एसआईआर (SIR) के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए नितिन नवीन ने आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी (I.N.D.I.A.) गठबंधन को देश की 140 करोड़ जनता की तुलना में उन तीन करोड़ घुसपैठियों की ज्यादा फिक्र है। जिन्हें एसआईआर प्रक्रिया के तहत बाहर का रास्ता दिखाया गया है। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी ने केवल अपने विकास कार्यों के दम पर जनता का भरोसा जीता है। इसी जनविश्वास के सहारे भाजपा आगामी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। जबकि समाजवादी पार्टी का इस चुनाव में पूरी तरह सूपड़ा साफ हो जाएगा।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

