पूर्वोत्तर रेलवे ने बढ़ाया स्पेशल ट्रेनों का संचालन: ग्वालियर-बरौनी को मिले अतिरिक्त 21 फेरे, यात्रियों को मिलेगी राहत
यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन विस्तार का फैसला किया है। गोरखपुर होकर चलने वाली ग्वालियर-बरौनी स्पेशल ट्रेन को 21 अतिरिक्त फेरे दिए गए हैं। इसके साथ ही श्रीगंगानगर-समस्तीपुर, पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार और सहरसा-आनंद विहार स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी आगे बढ़ाया गया है।
पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 04137/04138 ग्वालियर-बरौनी विशेष ट्रेन के संचालन की अवधि बढ़ा दी है। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि गोरखपुर के रास्ते संचालित होने वाली यह स्पेशल ट्रेन अब 21 अतिरिक्त फेरों तक चलेगी। इसके तहत 04137 ग्वालियर-बरौनी स्पेशल 26 सितंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को रवाना होगी। वहीं, 04138 बरौनी-ग्वालियर स्पेशल प्रत्येक बुधवार और रविवार को संचालित की जाएगी। ट्रेन का निर्धारित मार्ग, समय और सभी ठहराव पूर्ववत रहेंगे। इस विशेष गाड़ी में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें छह साधारण श्रेणी, चार सेकेंड सिटिंग, छह स्लीपर, एक एसी थर्ड, एक एसी सेकेंड तथा दो एसएलआर कोच शामिल रहेंगे।

अन्य स्पेशल ट्रेनों के संचालन को भी मिला विस्तार
रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर होकर गुजरने वाली अन्य स्पेशल ट्रेनों के संचालन में भी विस्तार किया है। सीपीआरओ के अनुसार 04731 श्रीगंगानगर-समस्तीपुर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 26 जुलाई, रविवार को तथा 04732 समस्तीपुर-श्रीगंगानगर स्पेशल 28 जुलाई, मंगलवार को एक अतिरिक्त फेरे के लिए चलाई जाएगी। इन दोनों ट्रेनों का समय, मार्ग और ठहराव पहले की तरह ही रहेगा। इसके अलावा 05579 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन 24 और 31 जुलाई को प्रत्येक शुक्रवार एवं रविवार को तथा 05580 आनंद विहार टर्मिनल-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल 26 जुलाई और दो अगस्त को प्रत्येक रविवार एवं मंगलवार को कुल तीन फेरों तक संचालित होगी। वहीं 05575 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 28 जुलाई तथा 05576 आनंद विहार टर्मिनल-सहरसा स्पेशल 30 जुलाई को एक-एक अतिरिक्त फेरे के लिए चलेगी। इन ट्रेनों में 22 कोच लगाए जाएंगे।











