उमस ने बढ़ाई ऐसी मार, पानी में बैठा रहा वफादार: भीषण गर्मी में टब बना स्विमिंग पूल, दो दिनों तक गर्मी से राहत नहीं

गोरखपुर|1 घंटा पहले
भीषण गर्मी में टब बना स्विमिंग पूल, दो दिनों तक गर्मी से राहत नहीं

शहर में पड़ रही भीषण गर्मी और बढ़ती उमस ने इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों का भी जीना मुश्किल कर दिया है। तापमान बढ़ने के साथ ही सड़कों, गलियों और खुले इलाकों में घूमने वाले पशु-पक्षी पानी और छांव की तलाश में भटकते नजर आ रहे हैं। इसी बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। गर्मी से बेहाल एक कुत्ता राहत पाने के लिए जानवरों के लिए रखे गए पानी के टब में ही उतर गया। काफी देर तक उसी में बैठा रहा।

स्थानीय लोगों ने पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के उद्देश्य से सार्वजनिक स्थान पर पानी की व्यवस्था की थी। लेकिन उमस और तेज गर्मी से परेशान कुत्ते ने उस पानी के टब को ही अपना स्विमिंग पूल बना लिया। वह लंबे समय तक पानी में बैठकर अपने शरीर को ठंडा करता रहा और बाहर निकलने का नाम नहीं लिया।

बेजुबानों की पीड़ा बयां कर रही तस्वीर

यह दृश्य केवल एक कुत्ते की गर्मी से राहत पाने की कोशिश नहीं है। उन हजारों बेजुबान जानवरों की स्थिति को भी उजागर करता है जो हर दिन भीषण गर्मी में पानी और छांव की तलाश में भटकते हैं। जहां इंसान गर्मी से बचने के लिए पंखे, कूलर और एसी का सहारा ले लेते हैं। वहीं, पशु-पक्षियों के पास ऐसी कोई सुविधा नहीं होती। एक्सपर्ट्स का कहना है कि गर्मी और डिहाइड्रेशन का असर केवल इंसानों पर ही नहीं पड़ता है। जानवर भी इससे गंभीर रूप से प्रभावित होते हैं। लगातार बढ़ते तापमान के कारण पशुओं में पानी की कमी, थकान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

छोटी पहल से बच सकती है जान

सामाजिक कार्यकर्ताओं और पशु प्रेमियों ने गर्मी में बेजुबानों के लिए पानी रखने की अपील की है। उनका कहना है कि छत, बालकनी या सुरक्षित स्थानों पर बर्तन में पानी रखने से जीवों को राहत मिलेगी। खासकर आवारा कुत्तों, गायों, बंदरों और अन्य पशुओं के लिए बड़े बर्तनों में पानी की व्यवस्था की जा सकती है। इसी तरह पक्षियों के लिए भी छतों और खुले स्थानों पर पानी के साथ दाना रखने की सलाह दी जाती है। इससे न केवल उनकी प्यास बुझती है। साथ ही भोजन की समस्या से भी राहत मिलती है। पशु प्रेमियों का कहना है कि लोगों की छोटी-सी कोशिश भीषण गर्मी में किसी बेजुबान की जान बचा सकती है।

उमस और गर्मी का जारी रहेगा प्रभाव

मौसम विभाग के अनुसार, शहर में फिलहाल गर्मी और उमस का असर बना रहेगा। विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। इसके अलावा दिन के समय 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी दो से तीन दिनों तक मौसम में कोई विशेष राहत मिलने की संभावना नहीं है। 26 और 27 जून को आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। लेकिन उमस और गर्मी का प्रभाव जारी रहेगा। हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना भी व्यक्त की गई है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।