NEET पेपर लीक के विरोध में गोरखपुर में फूटा गुस्सा: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर की नारेबाजी, कई प्रदर्शनकारी हिरासत में
देशभर में चर्चा का विषय बने NEET पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को गोरखपुर में भी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। शहर के चटोरी गली और डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी के आसपास युवाओं और छात्र नेताओं ने केंद्र सरकार तथा शिक्षा मंत्रालय के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की गई। हालांकि प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए कई युवाओं को हिरासत में ले लिया। जिससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली में चल रहे 'कॉकरोच जनता पार्टी' के विरोध प्रदर्शन के समर्थन में शनिवार दोपहर कुछ युवा हाथों में तख्तियां और केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला लेकर चटोरी गली के पास एकत्र हुए थे। प्रदर्शनकारी NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसी बीच पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने का हवाला देते हुए उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच इस दौरान तीखी बहस भी हुई। जब युवाओं ने प्रदर्शन समाप्त करने से इनकार किया तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेना शुरू कर दिया। जानकारी के मुताबिक कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिसकर्मी पकड़कर वाहन तक ले गए। जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बाद में सभी युवाओं को कैंट थाने ले जाया गया।
छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दे पर जताया आक्रोश
प्रदर्शन में शामिल युवाओं का कहना था कि पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उनका आरोप था कि प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता लगातार सवालों के घेरे में है। इसके बावजूद जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना चाहते थे। लेकिन पुलिस ने उन्हें रोककर उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति प्रदर्शन किए जाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के चलते कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्थिति को नियंत्रित रखने और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए युवाओं को हिरासत में लिया गया।
समाजवादी युवा छात्र सभा ने भी किया विरोध
उधर, डीडीयू गोरखपुर यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार के सामने समाजवादी युवा छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने भी NEET पेपर लीक मामले को लेकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे छात्र नेताओं ने शिक्षा मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की और पुतला दहन का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी देखने को मिली। छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि बीते वर्षों में कई प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं। जिससे युवाओं का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि छात्रों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।











