गोरखपुर सांसद रवि किशन ने नाना पाटेकर के निधन पर जताया शोक: एक्स पर लिखा-होती रहती थी बात, स्टारडम से रहते थे दूर
नाना पाटेकर के निधन से पूरा देश स्तब्ध है। एक अच्छे कलाकार को खोने का गम सभी के चेहरे पर दिख रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म भी शोक संदेश से पटे पड़े हैं। गुरुवार को नाना पाटेकर के निधन पर गोरखपुर सांसद और अभिनेता रवि किशन ने शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि उनसे मेरा आत्मीय संबंध रहा है। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बड़ी क्षति है। उनसे मेरी समय-समय पर बातचीत होती रहती थी। उन्होंने कहा कि नाना पाटेकर ने आखिरी बातचीत में कहा था कि गोरखपुर आऊंगा तो मुझे घुमाना।
रवि किशन ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर वीडियो पोस्ट कर शोक व्यक्त किया। सांसद ने कहा कि वे स्टारडम से दूर रहने वाले कलाकार थे। वे भारतीय सिनेमा के उन महान कलाकारों में थे, जिनकी पहचान उनकी सादगी, सहजता और मिट्टी से जुड़े व्यक्तित्व से थी। मुंबई की चकाचौंध में रहते हुए भी उन्होंने अपनी जड़ों और संस्कारों को कभी नहीं छोड़ा। उनके अभिनय, सादगी और जीवन के प्रति उनके दृष्टिकोण से मैंने बहुत कुछ सीखा। वे हमेशा स्नेह और प्रोत्साहन देते थे।
सिनेमा जगत ने खोया नट सम्राट
सांसद ने कहा कि वह नट सम्राट थे। हमने एक नट सम्राट खोया है। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती है। उनका जाना सिनेमा जगत के लिए बड़ी क्षति है। सबसे ज्यादा क्षति मेरी हुई है। वह मेरे अच्छे मित्र थे। उनसे अक्सर बातचीत होती रहती थी। पिछले माह ही भोपाल में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्होंने फोन किया था और कहा था कि तेरे गोरखपुर आऊंगा मुझे घुमाना। इस दौरान वह भावुक भी नजर आए।
पिछले माह किया था फोन
एक्स पर जारी वीडियो में गोरखपुर सांसद रवि किशन ने कहा कि भोपाल में पिछले माह शूटिंग के दौरान नाना पाटेकर ने उनको फोन किया था। फोन पर बातचीत के दौरान कहा था कि तेरे गोरखपुर आऊंगा मुझे घुमाना। महादेव उनको अपने श्री चरणों में स्थान दे और उनके बेटे मल्हार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।
किसी अपने से आखिरी बार हुई बातचीत कब आखिरी बन जाए, कोई नहीं जानता
नाना पाटेकर के निधन से पूरा देश शोक में डूब गया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लोग शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। हर किसी के प्रोफाइल पर नाना पाटेकर के निधन का शोक संदेश दिख रहा है। एक व्यक्ति ने रवि किशन के एक्स हैंडल पर व्यक्त किए गए शोक में लिखा है कि किसी अपने से आखिरी बार हुई बातचीत कब आखिरी बन जाए, कोई नहीं जानता। नाना का गोरखपुर आने का वादा अब एक भावुक याद बन गया है। ऐसे कलाकार चले जाते हैं लेकिन उनकी यादें हमेशा साथ रहती हैं। इसी तरह अन्य लोगों ने भी शोक व्यक्त किया है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

