रविकिशन ने नौका विहार में चलाया सफाई अभियान: रामगढ़ताल किनारे झाड़ू लगाकर किया श्रमदान, बोले- शहर को बनाना है प्लास्टिक मुक्त
केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को गोरखपुर में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के प्रमुख पर्यटन स्थल नौका विहार और रामगढ़ताल क्षेत्र में व्यापक सफाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद रविकिशन ने स्वयं झाड़ू उठाकर श्रमदान किया। उन्होंने लोगों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने लोगों से शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की।
अभियान के दौरान सांसद रविकिशन ने भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, नगर निगम के पार्षदों तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नौका विहार क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। सभी ने मिलकर क्षेत्र में फैले प्लास्टिक कचरे, बोतलों और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित किया। अभियान के दौरान पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को भी स्वच्छता बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने के प्रति जागरूक किया गया।
स्वच्छ भारत मिशन बना जनआंदोलन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद रविकिशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया स्वच्छ भारत मिशन अब एक व्यापक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। देशभर में करोड़ों लोग स्वच्छता अभियान से जुड़कर सामाजिक परिवर्तन की दिशा में योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। इसके लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर की पहचान केवल धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में भी स्थापित होनी चाहिए। विशेष रूप से रामगढ़ताल और नौका विहार जैसे पर्यटन स्थलों को प्लास्टिक मुक्त बनाना समय की आवश्यकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाए, तो शहर को आदर्श नगर बनाया जा सकता है।
पर्यावरण संरक्षण का भी लिया संकल्प
अभियान में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। सभी ने स्वच्छता बनाए रखने, सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में स्वच्छ और हरित गोरखपुर के निर्माण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता दोहराई गई।











