'तिवारी हाता' की बहू बनेंगी प्रयागराज की बेटी साक्षी: समधी बनने जा रहें है बाहुबली करवरिया और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, गुपचुप तरीके से हुई सगाई

गोरखपुर|
समधी बनने जा रहें है बाहुबली करवरिया और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, गुपचुप तरीके से हुई सगाई
सेव सूची

प्रदेश की राजनीति के दो बड़े और प्रभावशाली परिवार अब रिश्तेदारी में बंधने जा रहे हैं। प्रयागराज के पूर्व विधायक उदयभान करवरिया की बेटी साक्षी करवरिया गोरखपुर के चर्चित 'तिवारी हाता' की बहू बनेंगी। चिल्लूपार के पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के बेटे कंदर्प शंकर तिवारी और साक्षी की बुधवार को देहरादून में एक निजी पारिवारिक समारोह में सगाई संपन्न हुई।

देहरादून में आयोजित इस कार्यक्रम को बेहद गोपनीय रखा गया था, जिसमें दोनों परिवारों के केवल बेहद करीबी सदस्य ही शामिल हुए। गुरुवार को समारोह की तस्वीरें सामने आने के बाद इस रिश्ते की चर्चा तेज हो गई। सगाई से पहले गोदभराई की रस्म भी निभाई गई, जिसमें तिवारी परिवार की महिलाओं ने साक्षी को चुनरी ओढ़ाकर और उपहार देकर आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर विनय शंकर तिवारी और उदयभान करवरिया साथ नजर आए।

2027 के विधानसभा चुनाव के बाद होगी शादी

दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ है कि कंदर्प और साक्षी की शादी अगले साल होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (2027) के बाद की जाएगी। कंदर्प शंकर तिवारी पूर्व मंत्री स्वर्गीय हरिशंकर तिवारी के पोते हैं और कंस्ट्रक्शन के कारोबार से जुड़े हैं, जबकि साक्षी उदयभान करवरिया की छोटी बेटी हैं।

सियासी गलियारों में रिश्तों की नई चर्चा

इस रिश्ते की चर्चा राजनीतिक गलियारों में इसलिए भी खास है क्योंकि दोनों परिवारों की राजनीतिक पृष्ठभूमि अलग-अलग धड़ों से जुड़ी रही है। जहां हरिशंकर तिवारी का परिवार वर्तमान में समाजवादी पार्टी से जुड़ा है और विनय शंकर तिवारी सपा नेता हैं, वहीं उदयभान करवरिया भारतीय जनता पार्टी से बारा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। सियासी मतभेदों से परे, पूर्वांचल और प्रयागराज के इन दो दिग्गज ब्राह्मण परिवारों का समधी बनना प्रदेश की राजनीति में एक नए सामाजिक समीकरण के तौर पर देखा जा रहा है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।