गोरखपुर में सिपाही भर्ती का आज तीसरा दिन: पहली शिफ्ट का एग्जाम शुरू, 44 परीक्षा केंद्रों पर हाई अलर्ट

गोरखपुर|10 जून 2026
पहली शिफ्ट का एग्जाम शुरू, 44 परीक्षा केंद्रों पर हाई अलर्ट

उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन बुधवार को गोरखपुर जिले के 44 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा आयोजित की जाएगी। भर्ती परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। सभी केंद्रों पर सुबह आठ बजे से अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही सघन सुरक्षा जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के सीनियर अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। जिससे परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या गड़बड़ी की संभावना न रहे।

यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक संचालित होगी। प्रत्येक पाली में 19,464 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने केंद्रों पर प्रवेश और निकासी की विशेष व्यवस्था की है। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। जिससे जांच प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क

भर्ती परीक्षा को नकलमुक्त और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है। पुलिस के अलावा एसटीएफ, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीमों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। ये टीमें परीक्षा केंद्रों के भीतर और बाहर संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। अधिकारियों के अनुसार परीक्षा से जुड़े संवेदनशील बिंदुओं की पहचान कर वहां अतिरिक्त निगरानी की व्यवस्था की गई है। किसी भी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा या नकल के प्रयास की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा घेरा मजबूत किया गया है। पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष इंतजाम

बाहरी जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के गोरखपुर पहुंचने की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा और सुविधा संबंधी व्यवस्थाएं बढ़ा दी गई हैं। रेलवे स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिससे भीड़ प्रबंधन सुचारु रूप से किया जा सके। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए विशेष होल्डिंग एरिया और हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्क पर पुलिसकर्मियों के साथ शिक्षकों की भी ड्यूटी लगाई गई है। जो अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों की जानकारी देने और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं।

अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष ध्यान

प्रशासन ने रेलवे स्टेशन पर तैनात शिक्षकों और कर्मचारियों को यह जिम्मेदारी भी सौंपी है कि वे बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में सहायता करें। वहीं स्टेशन और प्लेटफॉर्मों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और प्लेटफॉर्म संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई है। जिससे जरूरत पड़ने पर वे परीक्षार्थियों की मदद कर सकें। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रेलवे स्टेशन पर एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केंद्र पहुंचें। सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।