सपा के रोड शो के दौरान हुआ हादसा: जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता के बेटे की मौत, परिजनों और कार्यकर्ताओं ने जमकर किया हंगामा

गोरखपुर|
जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता के बेटे की मौत, परिजनों और कार्यकर्ताओं ने जमकर किया हंगामा
सेव सूची

गोरखपुर में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की 'पीडीए रथ यात्रा' रोड शो के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। रोड शो में स्वागत के लिए शामिल एक तेज रफ्तार जेसीबी की चपेट में आने से स्थानीय भाजपा नेता ओंकार सिंह श्रीनेत के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर चक्काजाम कर जमकर हंगामा किया।

मृतक आर्यवर्धन सिंह केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। उसके पिता ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग के जिला सह-संयोजक हैं। परिजनों के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे आर्यवर्धन अपनी बहन को स्कूल से लेने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के पास अखिलेश यादव के काफिले के पीछे फूल बरसाने के लिए चल रही एक जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आर्यवर्धन उछलकर सड़क के डिवाइडर से जा टकराया और उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोग उसे तुरंत एम्स ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सड़क जाम और पुलिस की कार्रवाई

हादसे और कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने रोड शो के आयोजकों और सपा प्रमुख के खिलाफ सख्त कार्रवाई व हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। जाम के कारण सड़क के दोनों तरफ करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी, एसपी सिटी और स्थानीय विधायक सरवन निषाद मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाकर लोगों को शांत कराया, जिसके बाद जाम खुल सका।

66 लोगों पर केस और मुआवजे का ऐलान

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल जेसीबी को कब्जे में ले लिया है। पिता ओंकार सिंह की तहरीर पर गुरुवार को एम्स थाने में 66 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना का संज्ञान लेते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है और पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। भाजपा ने इस घटना के लिए सपा कार्यकर्ताओं की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि अखिलेश यादव ने घटना की जानकारी होने से इनकार करते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।