छठ पर गोरखपुर से पुणे के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन: 10 और 17 नवंबर को मिलेगी सुविधा, पुखरायां स्टेशन पर रुकेगी यशवंतपुर एक्सप्रेस
दिवाली के बाद छठ पर्व पर घर आने-जाने वाले यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राहत देने की तैयारी की है। गोरखपुर से महाराष्ट्र के पुणे स्थित हडपसर स्टेशन के लिए 10 और 17 नवंबर को त्योहार स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इसके अलावा गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस को पुखरायां स्टेशन पर प्रायोगिक तौर पर ठहराव देने का फैसला किया गया है।
इन दोनों फैसलों से पुणे, मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। गोरखपुर-हडपसर स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी।
गोरखपुर से कितने बजे चलेगी ट्रेन?
रेलवे की ओर से जारी समय सारिणी के अनुसार, ट्रेन नंबर 05093 गोरखपुर-हडपसर त्योहार स्पेशल 10 और 17 नवंबर को रात 9:55 बजे गोरखपुर से रवाना होगी। यह ट्रेन बस्ती में रात 11:12 बजे, मनकापुर में अगले दिन रात 12:04 बजे और गोंडा में 12:30 बजे पहुंचेगी। इसके बाद लखनऊ में रात 2:45 बजे और कानपुर सेंट्रल पर सुबह 4:35 बजे ठहराव होगा।
आगे ट्रेन उरई से सुबह छह बजे, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से सुबह 8:15 बजे और बीना से दोपहर 12:05 बजे रवाना होगी। भोपाल में दोपहर 2:15 बजे और इटारसी में शाम 4:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद खंडवा में रात 7:08 बजे और भुसावल में रात 9:05 बजे ठहराव होगा। आगे मनमाड, कोपरगांव, बेलापुर, अहिल्यानगर और दौंड कार्ड लाइन होते हुए तीसरे दिन सुबह 7:30 बजे हडपसर पहुंचेगी।
हडपसर से सुबह 10:05 बजे होगी वापसी
वापसी में ट्रेन नंबर 05094 हडपसर-गोरखपुर त्योहार स्पेशल 12 और 19 नवंबर को सुबह 10:05 बजे हडपसर से रवाना होगी। यह ट्रेन दौंड कार्ड लाइन पर सुबह 11:12 बजे, अहिल्यानगर में दोपहर 12:32 बजे, बेलापुर में 2:30 बजे और कोपरगांव में 3:24 बजे पहुंचेगी। इसके बाद मनमाड से शाम 4:15 बजे, भुसावल से शाम 7 बजे और खंडवा से रात 9:50 बजे रवाना होगी। अगले दिन इटारसी में रात 12:20 बजे, भोपाल में 2:25 बजे और बीना में सुबह 4:30 बजे ठहराव होगा। आगे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, उरई, कानपुर सेंट्रल, लखनऊ, गोंडा, मनकापुर और बस्ती होते हुए ट्रेन शाम 7 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन में होंगे 20 कोच
रेलवे के मुताबिक यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेजयान, एक एलएसएलआरडी, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार, शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के पांच और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच शामिल होंगे।
पुखरायां स्टेशन पर रुकेगी यह ट्रेन
रेलवे ने गोरखपुर और दक्षिण भारत के बीच सफर करने वाले यात्रियों को एक और सुविधा दी है। गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस को उत्तर मध्य रेलवे के पुखरायां स्टेशन पर प्रायोगिक आधार पर ठहराव दिया जाएगा। ट्रेन नंबर 15023 गोरखपुर-यशवंतपुर एक्सप्रेस 10 नवंबर से पुखरायां स्टेशन पर शाम 6:58 बजे पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद शाम 7 बजे रवाना हो जाएगी।
इसी तरह ट्रेन नंबर 15024 यशवंतपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस 12 नवंबर से पुखरायां स्टेशन पर सुबह 9:47 बजे पहुंचेगी और दो मिनट बाद 9:49 बजे रवाना होगी। इस ठहराव से पुखरायां और आसपास के इलाकों के यात्रियों को गोरखपुर सहित दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।