गोरखपुर में त्योहारों को लेकर सड़कों पर उतरे एसएसपी: कोतवाली क्षेत्र में की पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

दुर्गा पूजा और दशहरा सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कमर कस ली है। शनिवार की देर रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने कोतवाली थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
एसएसपी ने क्षेत्र में स्थापित दुर्गा प्रतिमाओं के आयोजकों और पूजा समितियों के पदाधिकारियों से बातचीत कर त्योहारों के दौरान व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की। उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखना प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क रहे ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
सुरक्षा का दिलाया भरोसा
पैदल गश्त के दौरान प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी के जरिए आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने और किसी भी संभावित समस्या पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

