चलती सीएनजी ऑटो में लगी आग: चालक ने दिखाई सूझबूझ, वाहन से यात्रियों को सुरक्षित उतारा

शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल यूनिवर्सिटी चौराहे के पास शुक्रवार दोपहर एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि चालक की सतर्कता के चलते ऑटो में सवार सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के दौरान कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार, मोहद्दीपुर की ओर से आ रही सीएनजी ऑटो जब यूनिवर्सिटी चौराहे के समीप पहुंची। तभी वाहन से अचानक धुआं निकलना शुरू हो गया। धुआं देखकर यात्रियों में घबराहट फैल गई। चालक ने तत्काल ऑटो को सड़क किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया। कुछ ही क्षणों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और ऑटो धू-धू कर जलने लगा। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन लपटें तेजी से फैलने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक ऑटो का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजकर 15 मिनट की बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण विद्युत प्रणाली में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि तकनीकी जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस हादसे में किसी यात्री या चालक के घायल होने की सूचना नहीं है। प्रशासन ने लोगों से वाहन की नियमित तकनीकी जांच कराने और किसी भी प्रकार की खराबी दिखाई देने पर तत्काल उसे ठीक कराने की अपील की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









