सड़क पर ट्रैक्टरों का खतरनाक शक्ति प्रदर्शन: जंजीर से बांधकर किए स्टंट, वायरल वीडियो ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

गोरखपुर|07 जून 2026
जंजीर से बांधकर किए स्टंट, वायरल वीडियो ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

पीपीगंज क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क पर ट्रैक्टरों से किए गए खतरनाक स्टंट का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। वीडियो में कई युवक ट्रैक्टरों के जरिए शक्ति प्रदर्शन करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान न केवल सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ। साथ ही आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों की सुरक्षा भी गंभीर खतरे में पड़ गई। वायरल वीडियो ने सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ती लापरवाही और नियमों की अनदेखी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार यह वीडियो पीपीगंज क्षेत्र के डिहवा-तुर्कवलियां मार्ग का बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर करीब छह ट्रैक्टर सड़क पर एकत्र हुए थे। इनमें से दो ट्रैक्टरों को जंजीर से बांधकर विपरीत दिशा में खींचने का प्रयास किया जा रहा था। दोनों चालक अपने-अपने वाहन की ताकत दिखाने के लिए पूरी क्षमता से ट्रैक्टर दौड़ा रहे थे। इस दौरान सड़क पर धूल का गुबार उड़ता रहा। भारी दबाव के कारण कई स्थानों पर सड़क की सतह भी क्षतिग्रस्त हो गई।

तमाशबीन बने रहे लोग

वायरल वीडियो में करीब 40 से 50 युवक सड़क और आसपास के खेतों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। अधिकांश लोग इस खतरनाक गतिविधि को रोकने के बजाय मोबाइल फोन से वीडियो बनाते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शक्ति प्रदर्शन काफी देर तक चलता रहा। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे चिंताजनक दृश्य तब सामने आया जब एक चालक चलते ट्रैक्टर से उतर गया और वाहन कुछ दूरी तक बिना चालक के आगे बढ़ता रहा। यह स्थिति किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।

पुलिस ने शुरू की पहचान प्रक्रिया

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। क्षेत्राधिकारी कैंपियरगंज अनुराग सिंह ने बताया कि वीडियो की जांच कराई जा रही है। फुटेज के आधार पर ट्रैक्टरों और उन्हें चला रहे युवकों की पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़क पर इस प्रकार का स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है। आम लोगों की जान को भी खतरे में डालता है। जांच पूरी होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।