ट्रक ने दंपती को रौंदा, ऑन-द-स्पॉट डेथ: सात साल का बेटा गंभीर घायल, तरकुलहा देवी दर्शन को जा रहा था परिवार

चौरीचौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि उनका सात वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पति-पत्नी अपने बेटे के साथ बाइक से तरकुलहा देवी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार दंपती ट्रक के नीचे फंसकर करीब 100 मीटर तक घसीटते चले गए। गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनका बेटा सड़क किनारे दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र स्थित कुरैना गांव निवासी संतराज भारती (35) अपनी पत्नी प्रेमशीला (32) और सात वर्षीय बेटे संगम के साथ गोरखपुर के झंगहा क्षेत्र में अपनी मौसी के घर आए हुए थे। शुक्रवार सुबह परिवार ने तरकुलहा देवी मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम बनाया। संतराज अपनी पत्नी और बेटे को लेकर बाइक से मंदिर के लिए निकले। जबकि उनकी मौसी अपने पुत्र के साथ दूसरी बाइक से पीछे चल रही थीं। जब संतराज की बाइक चौरीचौरा थाना क्षेत्र के भोपा चौराहे के समीप पहुंची। तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संतराज और उनकी पत्नी ट्रक के नीचे फंस गए। करीब 100 मीटर तक घसीटते चले गए। वहीं, बेटा संगम सड़क किनारे दूर जा गिरा। हादसे में दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
चालक ट्रक छोड़कर फरार
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक का पीछा किया। लेकिन वह वाहन को तेज गति से दौड़ाता रहा। करीब एक किलोमीटर आगे जाकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। ट्रक को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे में पति-पत्नी की मृत्यु हो गई है। वहीं घायल बालक का इलाज एम्स गोरखपुर में चल रहा है। पुलिस ट्रक चालक की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
संतराज भारती पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। पेंट-पॉलिश का काम कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे हैं। बड़ी बेटी तन्नू (17 वर्ष), बेटा निगम (13 वर्ष) और सबसे छोटा बेटा संगम है। जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। एक ही पल में माता-पिता को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में घटना की सूचना पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









