रील बनाने के दौरान राप्ती नदी में डूबे दो दोस्त, मौत: नहाने गया था सात युवकों का ग्रुप, एक को बचाने के चक्कर में दूसरा भी गहरे पानी में समाया

पीपीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। दोनों युवक अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने और वीडियो रील बनाने गए थे। इसी दौरान एक युवक गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा युवक भी नदी की तेज धारा और गहराई की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों युवकों की बॉडी बरामद की।
मृतकों की पहचान सहजनवां थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गाही निवासी शिवम कुमार और गोलू कुमार के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मोबाइल से बना रहे थे वीडियो
जानकारी के अनुसार, सहजनवां क्षेत्र के सात युवक शनिवार को पीपीगंज थाना क्षेत्र के करतहरी गांव के पास स्थित राप्ती नदी में नहाने पहुंचे थे। सभी दोस्त पानी में मस्ती करते हुए मोबाइल से वीडियो और रील बना रहे थे। इसी दौरान एक युवक अनजाने में नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। उसने मदद के लिए शोर मचाया तो उसका एक दोस्त उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा। लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में समा गया। दोनों को डूबता देख अन्य साथी घबरा गए। उन्होंने पहले अपने स्तर पर बचाव का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते दोनों युवक नदी की धारा में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
एनडीआरएफ और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। संयुक्त सर्च अभियान के दौरान सबसे पहले शिवम कुमार की बॉडी बरामद की। इसके बाद कई घंटों की तलाश के बाद गोलू कुमार की बॉडी भी नदी से बाहर निकाल लिया गया। एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक नदी में नहाते समय रील बना रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। दोनों बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी, तालाब और अन्य जलाशयों में सावधानी बरतने तथा जोखिम भरे तरीके से वीडियो बनाने से बचने की अपील की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









