आज से शुरू यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा: तीन दिनों तक छह शिफ्ट में होगा एग्जाम, 44 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम

उत्तर प्रदेश पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा सोमवार से जिले में शुरू हो रही है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले में कुल 44 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जहां तीन दिनों तक छह शिफ्ट में परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस दौरान 1,16,784 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और सहायता व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया की निगरानी हर स्तर पर की जाएगी। जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनियमितता की संभावना न रहे।
पुलिस भर्ती परीक्षा आठ, नौ और 10 जून को आयोजित की जाएगी। प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित की गई है। इस प्रकार कुल छह पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। प्रत्येक पाली में 19,464 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से कम से कम एक घंटा पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। प्रवेश पत्र और पहचान पत्र की गहन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
नकल रोकने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
भर्ती परीक्षा को पूरी तरह नकलमुक्त बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। ये टीमें परीक्षा से जुड़े सभी संवेदनशील बिंदुओं पर लगातार नजर रखेंगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, डिजिटल संचार माध्यमों और संदिग्ध गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार किसी भी प्रकार की अफवाह, पेपर लीक या नकल गिरोह की गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी बनी रहे।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष इंतजाम
बाहरी जिलों और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर विशेष प्रबंधन किया गया है। स्टेशन परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अभ्यर्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। जहां पुलिसकर्मी और शिक्षक संयुक्त रूप से मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। इसके अलावा रेलवे स्टेशन पर विशेष होल्डिंग एरिया भी बनाए गए हैं। जहां अभ्यर्थी अपने परीक्षा केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
सहायता और आपात सेवाएं भी रहेंगी उपलब्ध
प्रशासन ने अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्टेशन पर एंबुलेंस तथा फायर ब्रिगेड की भी व्यवस्था की है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड पर रखा गया है। स्टेशन और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तैनात पुलिसकर्मियों को ट्रेनों के आगमन-प्रस्थान और परीक्षा केंद्रों की जानकारी उपलब्ध कराई गई है। जिससे जरूरत पड़ने पर वे अभ्यर्थियों की सहायता कर सकें।
समय से पहुंचने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है। वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और सुरक्षा जांच में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सख्त निगरानी की जाएगी। प्रशासन को उम्मीद है कि व्यापक तैयारियों और समन्वित व्यवस्था के कारण परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










