गोरखपुर में बाइक और कार की टक्कर के बाद महिला पर हमला: 'सॉरी' न कहने पर युवकों ने कार से खींचा, बीच सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

गोरखपुर|

शाहपुर क्षेत्र स्थित रेलवे अस्पताल के पास सड़क दुर्घटना के बाद दबंगई का मामला सामने आया। आरोप है कि बाइक और कार की टक्कर के बाद महिला द्वारा 'सॉरी' नहीं कहने पर कुछ युवकों ने उसे कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। नव्य जागरण वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया हैं।

रेल विहार कॉलोनी, तारामंडल निवासी शिवांगी शुक्ला अपने पिता को कार से कौआबाग स्थित रेलवे अस्पताल लेकर जा रही थीं। अस्पताल पहुंचने से पहले उसकी कार मोहनापुर निवासी सुबास निषाद की बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार सड़क पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद उसने महिला से 'सॉरी' बोलने के लिए कहा। महिला के इनकार करने पर उसने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया।

कार में की तोड़फोड़

महिला का आरोप है कि कुछ ही देर में पहुंचे पांच से छह युवकों ने उनकी कार को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद बाल पकड़कर उन्हें कार से बाहर खींच लिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बीच सड़क हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई। महिला के पिता ने बीच-बचाव का प्रयास किया। लेकिन आरोपियों ने उनकी भी नहीं सुनी। घटना के बाद महिला ने डायल-112 और शाहपुर थाना पुलिस को सूचना दी।

एक आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस क्षतिग्रस्त कार को अपने साथ थाने ले गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर,साक्ष्यों के आधार पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है बाकियों की तलाश की जा रही हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।