मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा की अराजकता पर उठाए सवाल: रोड शो के दौरन बच्चे की मौत पर अखिलेश यादव को घेरा, कहा-उस निर्दोष बच्चे का क्या कसूर था?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के रोड शो के दौरान एक नाबालिग बच्चे की मौत की घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। जन चौपाल को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बिना नाम लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोला और पूछा कि आखिर उस निर्दोष बच्चे का क्या कसूर था।
मुख्यमंत्री ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सपा की अराजकता के कारण एक मासूम की जान चली गई। उन्होंने विपक्ष पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाते हुए कहा कि इस दुखद घटना के बाद भी उनके पास संवेदना के दो शब्द तक नहीं थे। सीएम योगी ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोग कभी नहीं सुधर सकते और 2017 से पहले प्रदेश में माफियाराज और अराजकता का बोलबाला इन्हीं की देन था।
दोषियों को सख्त चेतावनी और पीड़ित परिवार से मुलाकात
सीएम योगी ने घोषणा की कि वह आज पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका दुख साझा करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अराजकता फैलाने वालों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा-दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें सख्त सजा दिलाई जाएगी। यदि किसी ने प्रदेश में माफियागिरी या अराजकता फैलाने की कोशिश की, तो कानून अपना काम करेगा और उनके लिए जेल ही एकमात्र ठिकाना होगी। बता दें कि एक दिन पहले गोरखपुर में सपा के रोड शो के दौरान अव्यवस्था के बीच एक बच्चे की मौत हो गई थी, जिसके बाद से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है और सत्ता पक्ष लगातार विपक्ष को घेरने में जुटा है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।