गोरखपुर में 9.18 लाख किसानों को 493 करोड़ की राहत: सीएम योगी ने कांग्रेस-सपा पर साधा निशाना, मिशन शक्ति रैली को दिखाई हरी झंडी

गोरखपुर|

किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज शहर से प्रदेश के नौ लाख 18 हजार 91 किसानों के खातों में 493 करोड़ रुपये की राहत राशि ट्रांसफर की। बाढ़, अतिवृष्टि, ओलावृष्टि और चक्रवात से प्रभावित किसानों को यह सहायता कृषि निवेश अनुदान के तहत दी जा रही है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए पिछली सरकारों पर किसानों की अनदेखी और राहत राशि के वितरण में गड़बड़ी के आरोप लगाए। उन्होंने कांग्रेस को नेतृत्व बदलने की सलाह देते हुए कहा कि जिस नेतृत्व पर जनता का विश्वास नहीं रह गया है, उसमें बदलाव की जरूरत है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2014 में आए हुदहुद चक्रवात का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने किसानों की मदद के लिए 3,200 करोड़ रुपये भेजे थे, लेकिन किसानों तक केवल 800 करोड़ रुपये ही पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि बाकी रकम सपा सरकार के लोगों ने हड़प ली। योगी के मुताबिक, वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने इस मामले की जांच कराई। जांच में किसानों को पूरा मुआवजा नहीं मिलने की बात सामने आई, जिसके बाद अतिरिक्त धनराशि की व्यवस्था कर करीब दो साल बाद किसानों के खातों में पैसा भेजा जा सका। उन्होंने कहा कि सपा जाति के नाम पर समाज को बांटती थी, जबकि किसानों के पैसे में भी गड़बड़ी हुई। योगी ने दावा किया कि किसानों का श्राप सपा सरकार को ले डूबा।

कांग्रेस को नेतृत्व बदलने की दी नसीहत

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी अपनी राजनीतिक विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसा करने से बाज नहीं आई तो जनता उसका बचा-खुचा राजनीतिक अस्तित्व भी समाप्त कर देगी। उन्होंने कहा कि जिस नेतृत्व पर जनता का भरोसा खत्म हो गया है, उसे बदलने की आवश्यकता है। योगी ने कांग्रेस के शासनकाल में सरकारी सहायता के वितरण पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय केंद्र से भेजे गए 100 रुपये में से महज 15 रुपये ही जरूरतमंदों तक पहुंचते थे और बीच में कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी के लोग रकम हड़प जाते थे। मुख्यमंत्री के अनुसार, अब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की ओर से दी जाने वाली सहायता सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचती है।

10 दिन में दिया मुआवजा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हाल में प्राकृतिक आपदाओं से फसलों, जनजीवन, पशुधन और मकानों को नुकसान पहुंचा है। प्रभावित किसानों और परिवारों को राहत देने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि चक्रवात और अतिवृष्टि से हुए नुकसान के मामलों में 10 दिन के भीतर मुआवजा भेजा गया है। बाढ़ से कटान वाले इलाकों में तत्काल सहायता देने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क या दूसरी सार्वजनिक सुविधाओं को नुकसान पहुंचने पर उनकी मरम्मत और भरपाई के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। कटान प्रभावित क्षेत्रों में काम कराने के लिए बीवीजी-रामजी के माध्यम से भी व्यवस्था की गई है।

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम

मुख्यमंत्री ने बताया कि आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली जनहानि रोकने के लिए अर्ली वार्निंग सिस्टम लगाया जा रहा है। कई जिलों में शुरू की गई इस व्यवस्था के जरिए मोबाइल फोन पर बिजली गिरने की चेतावनी देकर लोगों को सतर्क किया जाता है। योगी के अनुसार, इससे बड़े पैमाने पर जनहानि रोकने में मदद मिली है। इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आ जाता है तो 24 घंटे के भीतर पांच लाख रुपये की सहायता दी जाती है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को समय पर मदद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

कृषि क्षेत्र का बजट बढ़ाया गया तीन गुना

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि फसल क्षति के लिए चिह्नित नौ लाख से अधिक किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के जरिए 493 करोड़ रुपये से ज्यादा की सहायता भेजी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र में एक लाख रुपये तक के कृषि कर्ज माफ करने का वादा किया था, जिसे पूरा किया गया। शाही के मुताबिक, योगी सरकार ने पिछली सरकारों की तुलना में तीन गुना धान, गेहूं और दूसरी फसलों की खरीद की है। कृषि क्षेत्र का बजट भी तीन गुना से अधिक बढ़ाया गया, ताकि किसानों को समय पर बीज, खाद और बिजली उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से प्रदेश में रिकॉर्ड खाद्यान्न उत्पादन हुआ है।

रविकिशन बोले- किसान और गरीब परिवार सरकार की प्राथमिकता

कार्यक्रम में सांसद रविकिशन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार में किसान और गरीब परिवार योजनाओं के केंद्र में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2017 से पहले किसान कर्ज और भुखमरी से परेशान थे तथा बाढ़ आने पर उनके सामने खाने तक का संकट खड़ा हो जाता था। रविकिशन ने कहा कि मौजूदा सरकार 80 करोड़ लोगों को राशन दे रही है और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर है। उन्होंने पिछली सरकारों पर किसानों को पर्याप्त राहत नहीं देने और सहायता राशि में लूट होने के आरोप भी लगाए।

रविकिशन और सूर्य प्रताप शाही के बीच हुआ हल्का-फुल्का संवाद

कार्यक्रम के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और सांसद रविकिशन के बीच मजाकिया बातचीत भी हुई। शाही ने अपने संबोधन में रविकिशन को सांसद से अधिक कलाकार बताया। इस पर रविकिशन ने बीच में टोकते हुए भोजपुरी अंदाज में जवाब दिया और मौजूद लोगों से पूछा कि क्या वह सांसद कम हैं। इसके बाद उन्होंने मजाक में कहा कि अगली बार सूर्य प्रताप शाही भी फिल्मों में दिखाई दे सकते हैं।

मिशन शक्ति रैली में 500 से अधिक महिलाएं शामिल

किसानों को राहत राशि वितरित करने के कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन शक्ति के छठे चरण के तहत आयोजित जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में 500 से अधिक महिलाएं शामिल हुईं। इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।

पहले ही 169 करोड़ रुपये किए जा चुके हैं जारी

राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक, चालू वित्तीय वर्ष में नौ अक्टूबर तक फसल क्षति के लिए नौ लाख 18 हजार 91 किसानों को चिह्नित किया गया था। प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान की भरपाई के लिए जिलों को कृषि निवेश अनुदान के रूप में पहले ही 169 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इसके तहत एक लाख 29 हजार 326 किसानों को 78.75 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त प्राकृतिक आपदाओं में जनहानि, पशुहानि और मकानों को हुए नुकसान के मामलों में प्रभावित परिवारों को 225.93 करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।