गले पर चाकू से वार कर थाने पहुंचा युवक: कमरे से मिला खून से सना चाकू, मां ने बताया- शराब की लत से परेशान था बेटा

गोरखपुर|

चौरीचौरा थाना क्षेत्र के चौरा गांव में एक युवक के आत्मघाती प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव निवासी 28 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर चाकू से अपने गले पर वार कर लिया। इसके बाद गले में गमछा लपेटकर सीधे चौरीचौरा थाने पहुंच गया। युवक की खून से लथपथ हालत देखकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला आत्मघाती प्रयास का प्रतीत हो रहा है। हालांकि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चौरा गांव निवासी लालू गले में गमछा लपेटकर चौरीचौरा थाने पहुंचा। उसके गले से लगातार खून बह रहा था। पुलिसकर्मियों ने जब उससे चोट के बारे में पूछा तो उसने गमछा हटाकर अपना घायल गला दिखाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को सूचना दी। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौरीचौरा भेजा। वहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वर्तमान में युवक का इलाज शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।

कमरे की तलाशी में मिले अहम साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा पुलिस टीम के साथ युवक के घर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर की पहली मंजिल पर स्थित उसके कमरे में बिस्तर पर खून के निशान मिले। वहीं बेड के पास खून से सना एक चाकू भी बरामद हुआ। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इस निष्कर्ष पर पहुंची कि युवक ने अपने कमरे में ही स्वयं को घायल किया था। बरामद चाकू और अन्य परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को जांच के दायरे में लिया गया है।

मां बोलीं- शराब की लत के कारण बदल गया था व्यवहार

पूछताछ में युवक की मां श्रीजावती ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा लंबे समय से शराब का आदी था और उसका व्यवहार भी असामान्य होता जा रहा था। पिछले करीब दस दिनों से उसकी तबीयत खराब चल रही थी। उसका इलाज चौरीचौरा कस्बे के एक चिकित्सक से कराया जा रहा था। वह दवा लेकर घर लौटा, भोजन किया और अपने कमरे में आराम करने चला गया। इसके बाद उसने कब यह कदम उठा लिया। इसकी जानकारी परिवार के किसी सदस्य को नहीं हो सकी। एसपी नार्थ ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्मघाती प्रयास का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है। युवक के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।