गोरखपुर में युवक की मौत पर आक्रोश: परिजनों ने मेडिकल कॉलेज चौकी पर किया हंगामा, दबंगों ने लाठी-डंडों से किया था हमला

गोरखपुर|

बीआरडी मेडिकल कॉलेज में करीब एक सप्ताह से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित पुलिस चौकी पर पहुंचकर करीब एक घंटे तक हंगामा किया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति को देखते हुए गुलरिहा, पिपराइच और चिलुआताल थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।

हंगामे के दौरान परिजनों ने पुलिस पर मामले में कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया। उनका कहना था कि घटना के कई दिन बीतने के बाद भी मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई है। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच के बजाय दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज कर दी, जिससे दूसरे पक्ष को फायदा मिल रहा है। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया। परिजनों ने चेतावनी दी कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

जमीन की पैमाइश के दौरान हुआ था विवाद

मामला गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन खास गांव का है। सात अगस्त को जमीन की पैमाइश को लेकर चल रहा पुराना विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। जानकारी के अनुसार, राजस्व कर्मियों की मौजूदगी में ही मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर सुधाकर गौड़ पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद वह मौके पर गिर पड़े।

ICU में एक सप्ताह तक चला इलाज

परिजन गंभीर हालत में सुधाकर गौड़ को बीआरडी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे थे। हालत नाजुक होने पर उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी, लेकिन करीब एक सप्ताह तक उपचार के बाद उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक के साथ आक्रोश का माहौल बन गया।

दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज

पुलिस के अनुसार, मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है। मारपीट के आरोप में अब तक दो लोगों को अरेस्ट किया जा चुका है। वहीं, अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है। घटना के बाद खुटहन खास गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।