प्रतापगढ़ में सड़क हादसे में भाई-बहन की मौत,: खड़ी पिकअप में घुसी कार, अयोध्या दर्शन कर लौट रहा था परिवार

प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज में अयोध्या धाम से दर्शन करके लौट रहे परिवार के साथ भीषण सड़क हादसा हो गया। सामने से आ रही पिकअप की कार से टक्कर हो गई, जिसमें सवार तीन लोगों में भाई-बहन की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड ने करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। जेसीबी से पिकअप हटाने के बाद कटर मशीन से कार काटकर तीनों को बाहर निकाला गया। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने भाई-बहन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।
अयोध्या धाम से दर्शन कर लौट रहे मुंगराबादशाहपुर निवासी परिवार बुधवार देर रात हादसे का शिकार हो गया। सड़क हादसे में कार सवार सगे भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मनीष सोनी ने बताया कि उनके ससुर राजेंद्र प्रसाद के निधन के बाद दोनों भाई-बहन उनके साथ ही रहते थे। दोनों की शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन एक पल में सब कुछ खत्म हो गया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बड़ी बहन दीपा का रो-रोकर बुरा हाल है। अस्पताल में रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
पिकअप से हुई टक्कर
आकाश और प्रिया मूल रूप से गोंडा जिले के मनकापुर क्षेत्र के निवासी थे। माता-पिता के निधन के बाद वे पिछले तीन वर्षों से अपने जीजा मनीष सोनी के परिवार के साथ मुंगराबादशाहपुर के नईगंज मोहल्ले में रह रहे थे। मंगलवार को मनीष सोनी अपने परिवार के साथ दो कारों से अयोध्या दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी बुधवार रात वापस लौट रहे थे। रात करीब 12:20 बजे रानीगंज तहसील बाजार स्थित ट्रामा सेंटर के पास सड़क किनारे प्लाईवुड से लदी एक पिकअप खड़ी थी। तेज रफ्तार वैगनआर पीछे से पिकअप में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पिकअप के अंदर धंस गया और पिकअप का पिछला हिस्सा कार के ऊपर पलट गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया हादसे का मंजर
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि कार पिकअप के नीचे दबी हुई थी। अंदर फंसे लोग मदद के लिए चीख रहे थे, लेकिन भारी वाहन के कारण उन्हें तुरंत निकालना संभव नहीं हो सका।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
रानीगंज थाना प्रभारी विजयकांत सत्यार्थी ने बताया- हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे खड़ी प्लाईवुड लदी पिकअप से पीछे से कार टकराने के कारण हादसा हुआ।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।


