जौनपुर में स्कूल वैन ने मासूम को रौंदा: मौके पर हुई मौत, वाहन लेकर मौके से फरार चालक

जौनपुर जिले में एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां स्कूल वैन से कुचलकर एक मासूम की मौत हो गई। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
केराकत क्षेत्र के पचवार गांव में मंगलवार की सुबह करीब आठ बजे एक दर्दनाक हादसे में मासूम आरव गौड़ पुत्र सुनील गौड़ की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एकेएस एकेडमी की मैजिक की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई। आरव की दोनों बड़ी बहनें माही और प्राची अपने भाई को वाहन के नीचे दबा देखकर चीखने-चिल्लाने लगीं। मासूम आरव की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। मां ज्योति और पिता सुनील कुमार का रो-रोकर बुरा हाल है।
फरार चालक की तलाश कर रही पुलिस
आरोप है कि मौके की स्थिति को देखते हुए चालक मैजिक लेकर स्कूल की ओर भागा और वैन को स्कूल परिसर में खड़ा कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल मैजिक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश कर रही हैं।
स्कूल प्रबंधन में मचा हड़कंप
घटना की जानकारी होने के बाद स्कूल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि स्कूल संचालक भी मामले को प्रिंसिपल के हवाले कर मौके से गायब हो गया हैं। केराकत कोतवाली प्रभारी अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया घटना में शामिल गाड़ी को सीज किया गया और गाड़ी चालक पर मुकदमा दर्ज कर तलाश की जा रही है, बच्चे के शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।







