जौनपुर में बरामदे में सो रहे अधेड़ की हत्या: भारी वस्तु से प्रहार कर कुचला ​सिर, दुकान से सामान लूटकर हुए फरार

जौनपुर|
भारी वस्तु से प्रहार कर कुचला ​सिर, दुकान से सामान लूटकर हुए फरार

सिकरारा थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां क्षेत्र के गोदाम बाजार चौराहे पर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो रहे अधेड़ की रविवार रात निर्मम हत्या कर दी गई। बदमाशों ने किसी भारी वस्तु से प्रहार कर अधेड़ का सिर बुरी तरह कूच दिया। घटना स्थल की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दुकान की दीवार और फर्श पर चारों तरफ खून के गहरे छींटे बिखरे पड़े मिले हैं।

बरईपार रोड स्थित भभौरी गोदाम बाजार में रविवार देर रात बदमाशों ने सराफा दुकान के सामने सो रहे अधेड़ की सिर कूंचकर हत्या कर दी। इसके बाद दुकान की लकड़ी का दरवाजा तोड़कर सामान लूटकर फरार हो गए। सोमवार सुबह करीब तीन बजे घटना की जानकारी होने पर बाजार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

लहुलूहान हालत में देखा शव

जानकारी के मुताबिक, सोमवार तड़के करीब तीन बजे जब बाजार के कुछ स्थानीय लोग जगे, तो उन्होंने दुकान के बरामदे में लहुलूहान शव देखा। यह खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर बाजारवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों की सूचना के तुरंत बाद स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।

15 वर्षों से बाजार में ही रहता था युवक

मृतक की पहचान भभौरी गांव निवासी उदयराज यादव (50) के रूप में हुई है। बाजारवासियों के मुताबिक उदयराज करीब 15 वर्षों से गोदाम बाजार में ही रहता था। वह रात में विंध्यवासिनी ज्वेलर्स की दुकान के बरामदे में सो जाता था। लोगों के अनुसार वह ज्यादा बातचीत नहीं करता था और कभी-कभार ही अपने घर जाता था। परिजनों के मुताबिक उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी।

हमलावरों से संघर्ष की आशंका

क्राइम सीन को देखकर पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि वारदात के वक्त मृतक और हमलावरों के बीच तीखी हाथापाई हुई होगी। फर्श और दीवार पर लगे खून के छींटे गवाही दे रहे हैं कि अधेड़ ने अपनी जान बचाने के लिए हमलावरों से कड़ा संघर्ष किया, जिसके बाद बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

जांच में जुटी पुलिस

शुरुआती जांच में दुकान के ताले टूटने की बात सामने आई है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि बदमाश दुकान में लूटपाट के इरादे से आए थे और वहां सो रहे अधेड़ के विरोध करने पर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दुकानदारों व स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।