जौनपुर जेल में उम्रकैद के कैदी की मौत: इलाज के दौरान बिगड़ी हालत, वर्ष 2008 से जेल में था बंद

जिला कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहे करीब कैदी की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान आजमगढ़ के रानी की सराय थाना क्षेत्र स्थित चकवारा गांव निवासी जैनू यादव के रूप में हुई है। वह हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था और वर्ष 2008 से जेल में बंद था। कुछ माह पहले ही उसे आजमगढ़ जेल से जौनपुर जिला कारागार स्थानांतरित किया गया था।
सोमवार को जैनू यादव की तबीयत अचानक खराब हो गई। जेल प्रशासन ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां शाम करीब सात बजे उसका उपचार शुरू किया गया। चिकित्सकों ने इलाज किया, लेकिन देर रात करीब 12 बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद कारागार पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवाया और घटना की जानकारी परिजनों को दी।
जिला अस्पताल पहुंचे परिजन
सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह मृतक के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जैनू यादव की मौत के सही कारण का पता चल सकेगा।







