झांसी में डैम में डूबने से तीन यूवको की मौत: पानी में उतराता दिखा शव, घटनास्थल से बरामद हुए कपड़े और बाइक
झांसी से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध सुकुवां-ढुकुवां डैम में नहाने गए तीन युवकों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह तीनों युवकों के शव पानी में उतराते हुए मिले, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह डैम पर तैनात जूनियर इंजीनियर (जेई) की नजर पानी में उतराते शवों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तीनों शवों को पानी से बाहर निकाला। घटना स्थल के पास ही मृतकों की बाइक और कपड़े बरामद हुए हैं। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं।
थानों में दर्ज थी गुमशुदगी
पुलिस द्वारा की गई शिनाख्त में मृतकों की पहचान सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के पेंच मोहल्ला निवासी राज, नगरा निवासी रीतेश परिहार और नीरज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक घर से लापता थे और परिजनों ने संबंधित थानों में इनकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई हुई थी।
नहाने के दौरान हुआ हादसा
आशंका जताई जा रही है कि तीनों दोस्त डैम पर घूमने आए थे और जहां पानी गिरता है, उसी स्थान के पास नहाने के लिए पानी में उतर गए। पानी की गहराई और तेज बहाव का अंदाजा न होने के कारण तीनों गहरे पानी में समा गए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।






