झांसी सड़क हादसे में अतीक के बेटे अबान समेत दो की मौत: तीन युवक की हालत गंभीर, भाई से मुलाकात कर लौट रहा था वापस

झांसी|06 अगस्त 2026
तीन युवक की हालत गंभीर, भाई से मुलाकात कर लौट रहा था वापस

झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूंछ थाना क्षेत्र के पास हुए भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घटना के बाद अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अबान अहमद अपने साथियों के साथ झांसी जेल में बंद अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने आया था। मुलाकात के बाद सभी कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूंछ थाना क्षेत्र के पास उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मोठ पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने अबान अहमद और उसके एक अन्य साथी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दुर्घटना में घायल तीन अन्य युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना माना जा रहा कारण

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के सीनियर अधिकारी दुर्घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा हादसे की जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार के चलते वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। अबान अहमद, अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा था। वहीं, उसका बड़ा भाई अली अहमद वर्तमान में झांसी जेल में निरुद्ध है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।