झांसी में रील बनाने के चक्कर में हुआ हादसा: 30 फीट ऊंची बाउंड्रीवाल से कूदा युवक, बांध के अंदर गिरने से दोनों पैर टूटे

झांसी|

जिले में रील बनाने का जुनून युवक को भारी पड़ गया। पहूज बांध पर रविवार शाम दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे 32 साल युवक ने वीडियो बनाने के लिए करीब 30 फीट ऊंची बाउंड्रीवाल से बांध के अंदर छलांग लगा दी। युवक को उम्मीद थी कि वह पानी में गिरेगा, लेकिन नीचे पानी कम होने के कारण वह सीधे जमीन पर जा गिरा। हादसे में उसके दोनों पैर टूट गए। घायल युवक को दोस्तों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक रक्सा थाना क्षेत्र के परवई गांव निवासी पुष्पेंद्र कुमार पुत्र राजकुमार रविवार को अपने कई दोस्तों के साथ पहूज बांध घूमने पहुंचा था। बताया जा रहा है कि दोस्त वहां इंस्टाग्राम रील बना रहे थे। इसी दौरान पुष्पेंद्र बांध के बाईं ओर बने व्यू पॉइंट पर पहुंच गया, जबकि उसके दोस्त दूसरी तरफ से उसका वीडियो बनाने लगे। पुष्पेंद्र बाउंड्रीवाल पर चढ़ा और बिना नीचे की स्थिति देखे करीब 30 फीट की ऊंचाई से बांध के अंदर छलांग लगा दी। वीडियो बना रहे दोस्तों को भी शायद अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल यह स्टंट हादसे में बदल जाएगा।

दोनों पैरों में लगी चोट

छलांग लगाने के बाद पुष्पेंद्र पानी में जाने के बजाय ऐसे हिस्से में गिरा, जहां पानी बेहद कम था। जमीन पर गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके दोनों पैरों में चोट आई और वह खुद वहां से बाहर नहीं निकल सका। हादसे के बाद मौके पर मौजूद दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि युवक की हालत गंभीर होने के बावजूद उसकी जान बच गई।

हादसे के बाद पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रासलैंड चौकी प्रभारी रणविजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल युवक को बांध से बाहर निकलवाया और अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद दोस्तों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे की जानकारी मिलने पर पुष्पेंद्र के परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।

सुरक्षा को लेकर उठा सवाल

इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाने के दौरान सुरक्षा को नजरअंदाज करने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ सेकंड की वायरल रील के लिए युवक ने करीब 30 फीट की ऊंचाई से छलांग लगा दी और गंभीर रूप से घायल हो गया। गनीमत रही कि हादसा जानलेवा साबित नहीं हुआ।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।